अंबिकापुर संजय पार्क में लापरवाही से 15 हिरणों की मौत, खुले गेट से घुसे कुत्ते, कई अफसर सस्पेंड
By : hashtagu, Last Updated : March 22, 2026 | 6:11 pm
By : hashtagu, Last Updated : March 22, 2026 | 6:11 pm
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के अंबिकापुर (Ambikapur) स्थित संजय पार्क (Sanjay Park) में घोर लापरवाही (Negligence) का बड़ा मामला सामने आया है, जहां खुले गेट से घुसे आवारा कुत्तों (Stray Dogs) के हमले में 15 हिरणों (Deer) की मौत हो गई। इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और जिम्मेदार वन अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित (Suspended) कर दिया गया।
मुख्य वन संरक्षक के निर्देश पर डिप्टी रेंजर अशोक कुमार सिन्हा, वनपाल ममता पोर्ते, वनपाल प्रतिमा लकड़ा और बीट गार्ड बिंदु सिंह को सस्पेंड किया गया है। वहीं रेंजर अक्षपलक ऋषि को कारण बताओ नोटिस जारी कर 5 दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है।
जानकारी के मुताबिक, संजय पार्क में बाड़े का गेट खुला रह गया था, जिससे 4-5 आवारा कुत्ते अंदर घुस गए। कुत्तों ने हिरणों पर हमला कर दिया, जिसमें अब तक 15 हिरणों की मौत की पुष्टि हुई है। यह घटना वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
घटना शनिवार को सामने आई, जिसमें यह भी पता चला कि हिरण, कोटरी और बारहसिंगा को एक ही बाड़े में रखा गया था। इसी दौरान सुरक्षा में चूक हुई और कुत्तों ने अंदर घुसकर हमला कर दिया। कई हिरणों की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले को और गंभीर तब बना जब यह जानकारी सामने आई कि घटना के बाद कुछ कर्मचारियों ने इसे दबाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि 14 हिरणों के शवों को पार्क के पीछे जंगल में ले जाकर जला दिया गया, ताकि मामला सामने न आ सके।
इस दर्दनाक घटना के बाद दो नन्हे हिरण के बच्चे अनाथ हो गए हैं। दोनों की उम्र एक माह से भी कम बताई जा रही है। मां की मौत के बाद ये बच्चे पूरे बाड़े में भटकते हुए अपनी मां को खोजते नजर आ रहे हैं।
हालांकि वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को सस्पेंड किया है, लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है कि क्या इतनी बड़ी लापरवाही के लिए यह कार्रवाई पर्याप्त है या फिर उच्च स्तर पर और जवाबदेही तय की जाएगी।