अर्जुन मुंडा बोले, मोदी के नेतृत्व में विकास की नयी कहानी लिख रहा है भारत

By : madhukar dubey, Last Updated : May 29, 2023 | 7:29 pm

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा (Union Minister Arjun Munda) ने सोमवार को राजधानी रायपुर (Raipur) में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को बेमिसाल बताया। मुंडा ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता ने प्रधानमंत्री मोदी (Prime Minister Modi) पर भरोसा किया और इस भरोसे ने 2014 से 2023 के नौ वर्षों की कालावधि में देश को शांति, समृद्धि और विकास की स्पीड भी दिखाई और स्केल भी दिखाई है।

केन्द्रीय मंत्री मुंडा ने कहा कि कभी दिल्ली से भेजा एक रुपया गरीबों तक पहुंचते-पहुंचते 15 पैसे ही रह जाता था, लेकिन आज दिल्ली से चला 100 रुपए पूरा का पूरा गरीबों तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश हर आपदा में देशवासियों की सेवा में जुटा है।

मुंडा ने कहा कि पोलियो, टिटनस और बीसीजी टीकों के लिए सालों मोहताज रहने वाले देश में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दुर्गम इलाकों तक ड्रोन के जरिए वैक्सीन पहुंचवाई और रिकॉर्ड समय में लाखों लोगों का कोविड वैक्सीन टीकाकरण कराया। पहले भारत दवाओं और टीकों के लिए विदेशी कृपा पर निर्भर था जबकि केन्द्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने कोविड के दो स्वदेशी टीके न केवल विकसित किए, अपितु कई देशों को जीवनरक्षक दवाओं की आपूर्ति की। श्री मुंडा ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में गरीबों के लिए आवास निर्माण की ऐसी क्रांति पहले कभी नहीं दिखी। महिलाओं की निर्णय-क्षमता बढ़ी है।

घर-घर शौचालयों से महिलाओं के साथ अपराधों में और उनकी बीमारियों में तो कमी आई ही, साथ ही पर्यावरण को भी लाभ हुआ है। जल जीवन मिशन के जरिए होने वाले लाभों की चर्चा करते हुए श्री मुंडा ने बताया कि 12 करोड़ घरों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। गरीबों को 1121 लाख मीट्रिक टन नि:शुल्क अनाज मिलने और वन नेशन-वन राशन कार्ड से हर महीने 3.5 करोड़ से ज्यादा परिवारों के लाभान्वित होने की जानकारी भी श्री मुंडा ने दी।

केन्द्रीय मंत्री मुंडा ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के कष्ट को अनुभव कर उनकी समुचित चिकित्सा के इंतजाम किए। बीमारी और इलाज से होने वाली समस्याओं और उनके आर्थिक परिणामों से गरीब अब भयमुक्त हैं। सेनेटरी पैड, सस्ती दर पर जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करके केन्द्र सरकार ने आयुष्मान कार्ड के जरिए 5 लाख रुपए तक के इलाज को नि:शुल्क किया।

मुंडा ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने किसानों की भलाई के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए। खाद की सब्सिडी बढ़ाकर 2000 करोड़ रुपए कर दी। फसल बीमा के अंतर्गत 1.4 लाख करोड़ रुपए के किसान-दावों का भुगतान हुआ। माइक्रो इरीगेशन, सूक्ष्म सिंचाई के जरिए पैदावार बढ़ाने का काम इन नौ वर्षों में तेजी से हुआ है। किसानों को प्रतिवर्ष 6000 रुपए की सम्मान निधि देना देश के किसानों के परिश्रम का सम्मान है।

मुंडा ने कहा कि केन्द्र की सरकार ने अपने नौ वर्षों के कार्यकाल में समाज के हर अंग को, हर वर्ग को उसका अधिकार व सम्मान प्रदान किया। महिलाओं को सशक्त करने पुराने कानूनों में सुधार करके महिलाओं को हर क्षेत्र में बढ़ावा दिया जा रहा है। समाज के वंचित वर्ग को आरक्षण देकर प्रगति में सहभागी बनाया गया। पिछड़ा वर्ग, अजा और अजजा वर्ग के अधिकारों को दृढ़ता प्रदान की गई। दिव्यांगों के लिए अवसरों का नया आकाश खोला गया।

केन्द्रीय मंत्री  मुंडा ने कहा कि नौ वर्ष के कार्यकाल में मोदी सरकार ने हवाई यात्रा की सुविधाओं का विस्तार किया। 2014 तक प्रतिदिन 12 किलोमीटर की रफ्तार से बन रहे हाईवे अब प्रतिदिन 40 किलोमीटर की रफ्तार से बन रहे हैं। इसी तरह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजान की सड़कें इन नौ वर्षों में दुगुनी बनी हैं। रेल सुविधाओं में विस्तार की चर्चा करते हुए श्री मुंडा ने कहा कि भारत वर्तमान में दुनिया में पांचवां सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है और जल्द ही यह जापान व दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ देगा।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा शिक्षा का बजट तीन गुना बढ़ाना और एक सुविचारित राष्ट्रीय शिक्षा नीति का पाठ्यक्रम लाना इस सरकार की शिक्षित समाज-रचना की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। शानदार इंफ्रास्ट्रक्टर के आनंद और लाभ की भारतीय आशा को केन्द्र की सरकार ने विश्वास में बदलने का काम किया। मेक इन इंडिया की एक नई परिभाषा गढ़ते हुए भारतीय इंजीनियरों ने दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बना दिया।

केन्द्रीय मंत्री मुंडा ने कहा कि अटल सुरंग ने भारतीय सेना की आसान और तेज आवाजाही सुनिश्चित कर भारत की सुरक्षा को बढ़ाया है। जन-धन खातों में 1.90 लाख करोड़ रुपए जमा हुए तो 4.7 करोड़ डुप्लीकेट फर्जी राशन कार्ड और 4.14 करोड़ फर्जी एलपीजी कनेक्शन भी रद्द हुए। आज भारत डिजिटल क्रांति का नेतृत्व कर रहा है। दुनिया के टोटल डिजिटल पेमेंट का 40 प्रतिशत ट्रांजेक्शन भारत में हो रहा है।

हाईस्पीड इंटरनेट से गांवों को जोड़ा गया। कौशल विकास की विभिन्न योजनाओं के जरिए प्रतिभाओं को मुद्रा योजना से स्वनिधि तक सहायता उपलब्ध कराई गई। मेक इन इंडिया से आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार किया गया। श्री मुंडा ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और विशेषज्ञ मानते हैं कि 2047 तक भारत 40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारत 2022 तक 108 यूनिकॉर्न स्टार्टअप के साथ दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ने वाला स्टार्टअप ईकोसिस्टम बन रहा है। 315 नए स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्टर और युवाओं के लिए टेक्नॉलॉजी व इनोवेशन के साथ विश्वस्तरीय ज्ञान, रोजगार के बढ़ते अवसर भी केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।

केन्द्रीय मंत्री मुंडा ने अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण में केन्द्र सरकार की तत्परता का भी जिक्र किया। इसी तरह पूर्वोत्तर में विकास की रोशनी केन्द्र सरकार ने पहुंचाई। राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोपरि मानकर केन्द्र सरकार ने 1 लाख करोड़ रुपए का रक्षा उत्पादन कर सेना को अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर सीमा पार के आतंकवाद की कमर तोड़ी गई।

कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाकर एक भारत एक संविधान की अवधारणा पुष्ट की गई। मुंडा ने विश्व मंच पर भारत की धमक की चर्चा भी की। जी-20 समिट ने भारत और प्रधानमंत्री श्री मोदी की नेतृत्व क्षमता पर मुहर लगाई। श्री मुंडा ने कहा कि सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास ही केन्द्र सरकार का मूलमंत्र है। विश्वास ही विकास का आधार है और देश की जनता के विश्वास की कसौटी पर केन्द्र सरकार के नौ वर्षों का कार्यकाल खरा उतरा है।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता के के शर्मा, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर, कोषाध्यक्ष नंदन जैन, विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा , पूर्व मंत्री व प्रवक्ता राजेश मूणत, पूर्व विधायक प्रेमप्रकाश पांडेय, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल,प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, केदार गुप्ता दीपक म्हस्के आदि उपस्थित थे।

ह भी पढ़ें : अर्जुन मुंडा बोले, रिमोट कंट्रोल से संचालित होने वाले PM नहीं हैं मोदी!