रायपुर। देश में सुशासन की कल्पना को चरितार्थ करने वाले, असंख्य भारतवासियों के प्रेरणास्रोत, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी(Birth centenary of Bharat Ratna Atal Bihari Vajpayee) पर बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अटलजी के जीवन का परिचय कराती चित्र प्रदर्शनी (Photo exhibition introducing the life of Atal ji)भी रखी गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यालय परिसर में नवनिर्मित स्मृति मंदिर में स्थापित अटलजी के साथ ही भारतीय जनसंघ (अब भाजपा) के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे और विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के साथ श्री साय ने अटल जी के जीवन मूल्यों और उनकी उपलब्धियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर अटलजी की जन्म शताब्दी और सुशासन दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह उनका परम सौभाग्य रहा कि अटल जी के प्रधानमंत्रित्व काल में उनके सान्निध्य में सांसद के तौर पर कार्य करने का अवसर मिला। अटल जी हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता हैं, सच्चे अर्थों में ‘भारत रत्न’ हैं। भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष रहे अटल जी एक कुशल राजनेता थे, एक संवेदनशील कवि, पत्रकार और साहित्यकार थे, प्रखर वक्ता थे। उनकी भाषा शैली ऐसी थी कि सब लोग मंत्रमुग्ध होकर उनका भाषण सुनते थे। श्री साय ने कहा कि सत्ता की राजनीति के लिए सिद्धांतों और राजनीतिक मूल्यों के साथ अटल जी ने कभी कोई समझौता नहीं किया। 1996 में पहली बार प्रधानमंत्री बने अटलजी ने तब भी विश्वास मत के प्रस्ताव पर चली चर्चा का उत्तर देते हुए अनैतिक तरीकों से मिली सत्ता को चिमटे से भी नहीं छूने का संकल्प व्यक्त किया था और उस पर वे अडिग रहे। दूसरे कार्यकाल में एक वोट से उनकी सरकार गिर गई पर उन्होंने सिद्धांत पर चलते हुए राजनीति की। इसके बाद तीसरी बार पूरे देश में सुशासन स्थापित करने वाले अटल जी ने एक मजबूत सरकार चलाई। अटल जी ने इस देश के गाँवों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जोड़कर गाँव के विकास की शुरुआत की। किसान क्रेडिट कार्ड की शुरुआत भी अटल जी की सरकार ने की। पहली बार भारत सरकार में आदिम जाति कल्याण मंत्रालय का गठन किया ताकि देश की आदिवासियों का समुचित विकास हो। भव्य भारत के निर्माण के उनके सपनों को हम साकार करने के लिए हम संकल्पित हों, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री भरतलाल वर्मा और आभार प्रदर्शन विकास महतो ने किया। इस दौरान मंच पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, पूर्व संगठन महामंत्री राम प्रताप सिंह, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू, भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के पश्चात पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया और उनके सपनों के आधार पर छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हो रहा है। अटल जी की जयंती पर प्रदेश के सभी नगरीय निकायों नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों मे अटल परिसर का भूमिपूजन किया गया।
अटल जी की जन्म शताब्दी के मौके पर शाम को भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक सौवीं जयंती पर एक सौ दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव मनाया गया। प्रदेश अध्यक्ष कि रणसिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की मौजूदगी में अटलजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीपोत्सव के बाद जोरदार आतिशबाजी की गई।
इस अवसर पर लक्ष्मी वर्मा, विकास महतो, नंदन जैन, नरेश गुप्ता, विश्व विजय तोमर, किशोर महानंद, सत्यम दुवा, मितुल कोठारी समेत बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें : ये कैसी सनक : मोबाइल चलाने के विवाद में पत्नी को बालकनी से नीचे फेंका