“भूपेश बघेल का भाजपा पर हमला, तिरंगा यात्रा पर उठाए सवाल और वोट चोरी मामले में आरोप”

By : hashtagu, Last Updated : August 14, 2025 | 5:56 pm

रायपुर: स्वतंत्रता दिवस से पहले, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने भाजपा और उसके नेताओं पर जोरदार हमला किया। भाजपा के विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के संबंध में बघेल ने कहा कि देश का विभाजन हिंदू महासभा और उसके तत्कालीन अध्यक्ष विनायक दामोदर सावरकर और मुस्लिम लीग की साजिश थी।

बघेल ने यह आरोप लगाया कि इन दोनों ने मिलकर विभाजन की योजना तैयार की, अंग्रेजों के साथ हाथ मिलाया और उनकी “फूट डालो, राज करो” की नीति को सहयोग दिया। परिणामस्वरूप भारत और पाकिस्तान अलग हो गए।

तिरंगा यात्रा पर बघेल की कड़ी प्रतिक्रिया

भूपेश बघेल ने कहा कि वही लोग अब तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का ढोंग कर रहे हैं, जिन्होंने कभी तिरंगे का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि 52 साल तक आरएसएस के कार्यालय में तिरंगा नहीं फहराया गया था। ये वही लोग हैं जिन्होंने संविधान को स्वीकार नहीं किया और तिरंगे का विरोध किया। अब वही लोग तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति दिखा रहे हैं।

अमित शाह से पूछा सवाल

भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल करते हुए पूछा कि आजादी की लड़ाई में उनका क्या योगदान था? साथ ही, उन्होंने अरुणाचल प्रदेश और मानिकपुर में बिगड़े हालात पर भी सवाल उठाए और पूछा कि वहां कब जाएंगे और कब समाधान होगा?

वोट चोरी का आरोप

भूपेश बघेल ने गृहमंत्री विजय शर्मा के वोट चोरी पर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा खुद मान रही है कि वोट चोरी हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो वोट चोरी का आरोप लगाया था, उस पर भाजपा के नेता भी सहमति जता रहे हैं। बघेल ने यह भी कहा कि जिन 17 लोगों को निर्वाचन आयोग ने मृत घोषित किया था, वही लोग राहुल गांधी के साथ चाय पीते थे।

वोट चोरी छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में

बघेल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के आरोप लगाए और कहा कि राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र में नकली वोट पाए गए।

सत्ताधारियों और आम जनता के लिए अलग कानून

भूपेश बघेल ने बलौदा बाजार में मंत्री टंकराम के भतीजे द्वारा मारपीट के मामले में टिप्पणी की और कहा कि आम जनता के लिए कानून अलग होता है और सत्ताधारियों के लिए अलग। उन्होंने पुलिस से FIR की कॉपी सार्वजनिक करने की अपील की और कहा कि अगर टंकराम के भतीजे ने मारपीट की है तो उसे सामने लाना चाहिए।