शिव मंदिर में भूपेश ने किया जलाभिषेक! इधर, कौही लिफ्ट ‘इरीगेशन योजना’ की दी सौगात

By : madhukar dubey, Last Updated : August 28, 2023 | 9:28 pm

कौही लिफ्ट इरीगेशन योजना का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, 2500 हेक्टेयर में सिंचाई होगी

दुर्ग। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chief Minister Bhupesh Baghel) ने पाटन में कौही में प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। साथ ही इस अवसर पर 7 करोड़ की लागत से बने कौही लिफ्ट इरीगेशन योजना (Kauhi Lift Irrigation Scheme) का लोकार्पण भी किया। इससे 2500 हेक्टेयर में सिंचाई हो सकेगी। कौही उद्वहन सिंचाई योजना से ग्राम कौही, बोरेंदा, जरवाय, केसरा, खम्हरिया, डंगनिया, तर्रीघाट, सोनपुर और सिपकोना के किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री बघेल ने अपने कौही के पहले दौरे के अवसर पर ही यहां के पुरानी उद्वहन सिंचाई योजना को अपडेट करने की घोषणा की थी। योजनांतर्गत इंटक वेल का रेडियस जो पहले 6 मीटर था इसको 12 मीटर किया गया है। वहीं 150 एच.पी. के पांच वीटी पंप स्टॉल किए गए हैं। जिससे लिफ्ट ऐरीगेशन की क्षमता में कई गुणा वृद्धि हुई है। सम्पूर्ण नहर प्रणाली का लाइनिंग कार्य भी किया गया है। कौही उद्वहन सिंचाई योजना की क्षमता बढ़ने से इस क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को राहत पहुंची है।

1693237020 Dd1b930d028fcd0dd28f

1693237087 89746a8343c692838bda

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री  बघेल ने क्षेत्र के बारह किसानों को खसरा बी-1, बी-2 अपने कर कमलों से वितरण किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री  बघेल ने कहा कि प्रदेशवासियों पर भगवान भोले नाथ की कृपा बनी रहे। उन्होंने सभी को सावन सोमवार की बधाई दी। क्षेत्रवासियों की मांग के अनुरूप सिंचाई सुविधा विस्तारित होने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी वर्ग के विकास के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। सांस्कृतिक गतिविधियों को पुनर्जीवित करने का काम कर रही है। सरकार की योजनाओं से प्रदेश को पहचान मिली है। मुख्यमंत्री बघेल ने लोगों की मांग पर मंदिर परिसर के सौन्दर्यीकरण का भरोसा दिलाया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सेवा का अवसर प्रदान करने लोगों का आह्वान किया। कार्यक्रम को जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें : दीपक बैज बोले, धान खरीदी में केंद्र का कोई योगदान नहीं