CM Bhupesh: भूपेश सरकार करेगी गोबर पेंट की ब्रांडिंग, जानें, पूरा मास्टर प्लान

By : madhukar dubey, Last Updated : January 10, 2023 | 7:19 pm

रायपुर। भूपेश सरकार गोबर (cow dung) के पेंट की ब्रांडिंग करेगी। इसके लिए आज सीएम आवास पर अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने मीटिंग की। जहां यह तय हुआ कि ३७ गोबर से पेंट बनाने की यूनिट लगाई जाएगी।

गोधन न्याय योजना की राशि का वितरण

मुख्यमंत्री निवास में गोधन न्याय योजना की राशि का वितरण हुआ है। इस योजना के जरिये सरकार दो रुपया प्रति किलोग्राम की दर से गोबर और चार रुपया प्रति लीटर की दर से गौमूत्र खरीद रही है।

25 जिलों में लगेगी गोबर से पेंट बनाने की इकाई

अब प्रदेश के 25 जिलों की 37 गोठानों में गोबर से पेंट बनाने की यूनिट शुरू करने की तैयारी है। अभी रायपुर, दुर्ग और कांकेर जिलों की पांच गोठानों में इस तरह का पेंट बन रहा है।

वर्तमान में 5 यूनिट लगाई गई है

वर्तमान में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने के लिए पांच यूनिट लगाई जा चुकी हैं। इनमें से रायपुर और दुर्ग जिले के गौठानों में दो-दो तथा कांकेर के चारामा स्थित गौठान में एक यूनिट संचालित है। इन पांच क्रियाशील यूनिटों के माध्यम से अब तक आठ हजार 997 लीटर प्राकृतिक पेंट का उत्पादन किया जा चुका है। इसमें से तीन हजार 307 लीटर प्राकृतिक पेंट के बिक्री से 7 लाख 2 हजार 30 रुपए की आय अर्जित हुई है। अब प्रदेश के 25 जिलों में 37 चिन्हित गौठानों में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की यूनिट स्थापना की कार्यवाही तेजी से पूरी की जा रही है। इस महीने के अंत तक यह सभी 37 यूनिटें गोबर से प्राकृतिक पेंट का उत्पादन करने लगेंगी।

गोठानों को दिये जाएंगे सोलर ड्रायर

मुख्यमंत्री शभूपेश बघेल ने कहा, गोठानों में सोलर ड्रायर उपलब्ध कराए जाएंगे। धमधा और पत्थलगांव में टमाटर के बड़े पैमाने पर उत्पादन को देखते हुए इन क्षेत्रों के गोठानों में टमाटर को सुखाकर विक्रय का काम प्रारंभ किया जा सकता है। इसी तरह अन्य स्थानों में छत्तीसगढ़ की भाजियों को सूखा कर उनके विक्रय की शुरूआत की जा सकती है। इस नये कार्य से भी किसानों और समूहों की आय बढ़ेगी।

ये अधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आयोजित इस सादे समारोह में मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह आदि मौजूद रहे।

गोबर से बिजली प्लांट भी लगेगा

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, गोठानों में वर्मी कम्पोस्ट के उत्पादन और उनके विक्रय में मिली सफलता के साथ महिला समूह गोबर से प्राकृतिक पेंट तैयार करने की यूनिट लगाने की काफी मांग कर रहे हैं। कई गोठानों में गोबर से बिजली बनाने का काम भी शुरू हो रहा है। सुकमा और जगदलपुर में गोबर से बिजली के संयंत्र की स्थापना का कार्य इस महीने में पूरा हो जाएगा। गोबर से गौ-काष्ठ और गमले जैसे उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी अच्छी खपत हो रही है। गोबर हमारे लिए अब मूल्यवान बन गया है। गांवों में कुटीर उद्योग प्रारंभ होने की परिकल्पना अब साकार हो रही है।

गोबर विक्रेताओं को 4.59 करोड़ दिया

मुख्यमंत्री ने पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों और गौठान समितियों को 7 करोड़ 5 लाख रुपए ऑनलाइन जारी किया। इसमें 16 दिसम्बर से 31 दिसम्बर 2022 तक खरीदे गए दो लाख 29 हजार क्विंटल गोबर के लिए 4 करोड़ 59 लाख रुपए शामिल हैं। गोठान समितियों को 1 करोड़ 46 लाख रुपए और महिला समूहों को एक करोड़ रुपए की लाभांश राशि भी दी गई। गोबर बेचने वालों को जो रकम दी गई है उसमें से केवल एक करोड़ 76 लाख रुपए का भुगतान कृषि विभाग ने किया। शेष दो करोड़ 83 लाख रुपए का भुगतान गोठानों ने अपनी कमाई से किया है।अब तक सरकार 197.85 करोड़ का गोबर खरीद चुकी है।

Also Read: BJP Mission 2023: ‘ अमित शाह’ के प्लान को Om माथुर ‘ मूर्तरूप’ देने में जुटे, जानें, सियासी दांवपेंच