रायपुर। ‘डोनेट फॉर देश’ अभियान (Donate for country campaign) के लिए कांग्रेस ने सभी पदाधिकारियों के लिए चंदा राशि 1 लाख से लेकर 1380 रुपए तय की है। प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों समेत ब्लॉक स्तर तक के नेताओं और कार्यकर्ताओं को तय राशि ही दान (Donate only fixed amount to workers) करनी होगी।
दरअसल, कांग्रेस अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से दी गई राशि से चुनावी मैदान में उतरेगी। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में हुई विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक में डोनेट फॉर देश अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी देने निर्देश दिए गए थे।
कांग्रेस के सभी सांसदों, विधायकों, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्षों, पूर्व विधायकों से लेकर निगम और मंडलों में अध्यक्ष रहे नेताओं को एक ही श्रेणी में रखा गया है। इस दायरे में आने वाले नेताओं को 1 लाख 38 हजार की राशि डोनेट करना होगा।
जबकि बीते विधानसभा चुनाव के कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए 51 हजार रुपए की राशि तय की गई है। वहीं प्रदेश पदाधिकारियों में महामंत्री, उपाध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्यों को 25 हजार रुपए, संयुक्त महामंत्रियों के लिए 15 हजार रुपए और प्रदेश सचिवों के लिए 5 हजार रुपए की राशि तय की गई है।
जनपद अध्यक्ष, नगर निगम के सभापति, पार्षदों, नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों को एक महीने का वेतन जमा करना होगा। कांग्रेस के प्राथमिक सदस्यों, कार्यकर्ताओं के लिए 138 रुपए और प्रदेश प्रतिनिधि, बीसीसी अध्यक्ष, पदाधिकारियों, मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ, विभाग के पदाधिकारी और जनपद सदस्यों को 1380 रुपए की सहयोग राशि देनी होगी।
एआईसीसी के इस क्राउडफंडिंग ऑनलाइन अभियान को लेकर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के लिए सहयोग राशि भी निर्धारित किया है। डोनेट फॉर देश अभियान के तहत संगठन ने राशि जमा करने के लिए एक सप्ताह की मियाद भी तय कर दी है।
यह भी पढ़ें : Inside story : CG-आप में सियासी त्रासदी! आखिर क्यों ‘प्रदेश अध्यक्ष हुपेंडी’ सहित पदाधिकारियों ने छोड़ी पार्टी