अभनपुर (छत्तीसगढ़): लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी अभनपुर के चांदी मोड़ स्थित आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन पहुंचे, जहां कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर (Training Camp) में उन्होंने जिला और शहर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद (Direct Interaction) किया। कार्यक्रम में वे करीब चार घंटे तक मौजूद रहे।
Chhattisgarh: Congress MP and Leader of Opposition in Lok Sabha Rahul Gandhi received a warm welcome from senior Congress leaders at Raipur Airport. @INCIndia | @RahulGandhi | #RahulGandhi | #Congress | #Chhattisgarh | #Raipur | #RaipurAirport | #UNI pic.twitter.com/4TnoYgpql0
— United News of India (@uniindianews) June 21, 2026
राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा है। हालांकि कार्यक्रम को गोपनीय रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अभनपुर पहुंचे। कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ के कारण कई वरिष्ठ नेताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत भी धक्का-मुक्की के बीच कार्यक्रम स्थल के गेट पर ही बाहर रह गए और उन्हें अंदर जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राहुल गांधी से मिलने के लिए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सक्ती जिले के जैजैपुर से आए ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र ने बताया कि वे पहले बाइक से दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिलने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई थी। इस बार भी वे बाइक से अभनपुर पहुंचे हैं ताकि राहुल गांधी से मुलाकात कर सकें।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी भी देखने को मिली। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को “आलू से सोना निकालने” की ट्रेनिंग देने आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी यहां भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देने आए हैं या फिर ऐसे ही बयान सिखाने आए हैं। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी का स्वागत है, लेकिन उन्होंने कभी भगवान राम के अस्तित्व को स्वीकार नहीं किया।
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा केवल सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने मिश्रा को “एक्सीडेंटल विधायक” बताते हुए कहा कि वे अपना राजनीतिक कद बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। विकास उपाध्याय ने यह भी कहा कि भाजपा यदि उनका इलाज नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है।
वहीं अंबिकापुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, उसका परिणाम सब जानते हैं।
अभनपुर में चल रहा यह 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से शुरू हुआ है। इसमें प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। कांग्रेस ने इस शिविर को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा है। प्रतिभागियों को गांवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद करने, मनरेगा की जमीनी स्थिति समझने, नशे की समस्या पर चर्चा करने और स्थानीय सामाजिक एवं आर्थिक हालात का अध्ययन करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
शिविर में योग, मार्शल आर्ट्स, व्यक्तित्व विकास, संगठन प्रबंधन, मीडिया हैंडलिंग, जनसंपर्क, राजनीतिक रणनीति और बूथ प्रबंधन जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग सत्रों में मार्गदर्शन दे रहे हैं।
राहुल गांधी ने अपने विशेष सत्र में जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर मजबूती, भाजपा के खिलाफ राजनीतिक रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता भी इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की बड़ी कवायद के रूप में देख रही है।