बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बनाया केंद्रीय पर्यवेक्षक
By : hashtagu, Last Updated : March 9, 2026 | 2:15 pm
रायपुर (छत्तीसगढ़): भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा (Vijay Sharma) को बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक (Central Observer) नियुक्त किया है। उनके साथ केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को भी पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव को देखते हुए कई राज्यों के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। बिहार में चुनावी प्रक्रिया की निगरानी और पार्टी विधायकों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी विजय शर्मा और हर्ष मल्होत्रा संभालेंगे।
बताया जा रहा है कि राज्यसभा की कुल 37 सीटों पर चुनाव होने हैं और इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को कराया जाएगा। मतदान के बाद उसी दिन शाम को मतगणना भी की जाएगी। जिन सीटों पर चुनाव हो रहा है, उन पर मौजूदा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल महीने में समाप्त हो रहा है, इसलिए नई नियुक्ति के लिए यह चुनाव कराया जा रहा है।
भाजपा संगठन ने बिहार के अलावा हरियाणा और ओडिशा के लिए भी अलग-अलग पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। हरियाणा के लिए गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि ओडिशा के लिए महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले को पर्यवेक्षक बनाया गया है।
राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी ने राज्यसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी दी है ताकि चुनावी प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके और संगठनात्मक समन्वय मजबूत बना रहे। विजय शर्मा छत्तीसगढ़ सरकार में अहम जिम्मेदारी संभालने के साथ संगठन में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं, इसलिए उन्हें यह दायित्व सौंपा गया है।


