BJP प्रत्याशी ब्रह्मानंद गैंगरेप के आरोपी, कांग्रेस ने दिखाए सबूत

By : madhukar dubey, Last Updated : November 20, 2022 | 7:32 pm

छत्तीसगढ़। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी ब्रहानंद गैंगरेप के झारखंड में आरोपी हैं। इसके सबूत आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने एक प्रेस कांफ्रेस में दिखाए। उन्होंने कहा कि वे झारखंड में एक बच्ची के साथ गैंगरेप किया था। आरोप लगाया कि उन्होंने उसे देह व्यापार में धकेला था। जिसे लेकर झारखंड पुलिस ने चालान भी किया है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा से प्रत्याशी बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम को लेकर मोहन मरकाम ने कहा कि उन पर झारखंड राज्य के जमशेदपुर जिले में केस दर्ज है। १५ साल की नाबालिग से गैंगरेप कर उसे देह व्यपार में धकेलने का आरोप लगाते हुए मरकाम ने FIR की कॉपी भी मीडिया को दिखाई। घटना 2019 को बताई जा रही है। पीसीसी चीफ ने कहा कि पुलिस ने पहले 5आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद जांच में 10 से 12आरोपी सामने आए, इनमें भाजपा प्रत्याशी भी शामिल हैं।

मोहन मरकाम ने कहा कि जमशेदपुर के थाना टेल्को में अपराध क्रमांक ८४/२०१९ में १५ मई २०१९ को पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। कांग्रेस ने खुलासा किया कि पीड़िता ने एक डायरी में गैंगरेप के सभी आरोपियों के नाम लिखकर रखे थे। इस मामले में झारखंड पुलिस ने छतीसगढ़ से संबंध रखने वाले शीतल उर्फ सपना महतो, सुरेंद्र सिन्हा को महासमुंद से २०१९ में ही गिरफ्तार किया था। ब्रह्मानंद नेताम का नाम पुलिस के द्वारा पेश चालान में भी शामिल है। मरकाम ने कहा कि जिस साल दर्ज हुई थी, तब झारखंड में भाजपा की रघुबर दास की सरकार थी। उन्होंने कहा कि बच्ची के साथ एक फ्लैट में अनाचार किया गया था। ब्रह्मानंद नेताम के खिलाफ धारा ३६६ए,३७६(३),३७६एबी,३७६ एबी, १२०बी 14४/६ पॉक्सो ४,५,६,७,९ की धाराओं में केस दर्ज है।

बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम पर कांग्रेस का गंभीर आरोप

मोहन मरकाम ने कहा कि झारखंड पुलिस ने प्रमुख आरोपियों की सीडीआर रिपोर्ट और पीड़िता के पास से मिली डायरी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई थी, जिसमें ब्रह्मानंद नेताम के नाम का खुलासा हुआ है। झारखंड पुलिस ने 5 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार लिया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धर पकड़ जारी है। पीसीसी चीफ ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है, अगर भाजपा माता और बहनों की इज्जत करती है, तो उन्हें तत्काल ब्रह्मानंद नेताम का प्रचार करना बंद कर देना चाहिए।

नाम निर्देशन पत्र में इसका उन्होंने उल्लेख नहीं किया है

पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ने नाम निर्देशन पत्र में इस घटना के बारे में कहीं उल्लेख नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के इस कृत्य से पूरे छतीसगढ़ का सिर शर्म से झुक गया है। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म के आरोपी को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। जनता तय करे कि उसे ऐसे व्यक्ति को अपना नेता चुनना है क्या? उन्होंने कहा कि भाजपा गैंगरेप के आरोपी को संरक्षण देने के साथ ही टिकट भी दे रही है। मोहन मरकाम ने कहा कि एनएसयूआई कार्यकर्ता पर जैसे ही रेप के आरोप लगे, तत्काल उन पर कार्रवाई की गई, लेकिन भाजपा ने दुष्कर्म के आरोपी को प्रत्याशी ही बना लिया।