BJP नेता अमर अग्रवाल बोले, सरकार को बचाने कांग्रेस हाथ पैर मार रही!

By : madhukar dubey, Last Updated : June 7, 2023 | 11:56 am

बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन (Congress Divisional Conference) पर भाजपा नेता अमर अग्रवाल (BJP leader Amar Agarwal) ने तंज कसते हुए कहा, भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले और श्रीराम की बात करने वालों को सांप्रदायिक कहने वालों को अब राम याद आ रहे हैं। प्रभु राम सब जानते हैं कि कौन उनको मानता है, कौन उनका भक्त है। और कौन उनकी मर्यादा का पालन करता है।

अमर अग्रवाल ने जनता के भरोसे अगले चुनाव में बीजेपी की सरकार बनने का दावा तक कर दिए। उनके बयान पर पलटवार करते कांग्रेस नेता ने कहा, भाजपा ने 15 साल तक भगवान राम और गाय के नाम का उपयोग करके राज किया। लेकिन छत्तीसगढ़ में काम कुछ नहीं किया।

अमर अग्रवाल ने कहा, 2014 में कांग्रेस ने पैरालाइज्ड अर्थव्यवस्था दी थी। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने देश में परिवारवाद, भ्रष्टाचार से मुक्त, विकास युक्त अर्थव्यवस्था दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कुछ राज्यों तक सिमट कर रह गई है। जो कभी राष्ट्रीय पार्टी हुआ करती थी। अब उसे क्षेत्रीय दल 5-10 सीटों का ऑफर देते हैं। तो कांग्रेस को इसका अवलोकना करना चाहिए।

जाती हुई सरकार का साख बचाने के लिए सम्मेलन

कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन के सवाल पर कहा, प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। अगले चुनाव में गिरती हुई सरकार का सम्मेलन है। कार्यकर्ताओं के जरिए गिरती हुई साख और जाती हुई सरकार को बचाने कांग्रेस हाथ पैर मार रही है।

केंद्र की उपलब्धियों को बताने भाजपा करेगी जनसंपर्क

पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल एवं पुन्नूलाल मोहले ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूरा होने पर देशभर में समर्थन अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत भाजपा के कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों और राज्य सरकार की नाकामियों को लेकर हर घर तक पहुंचेंगे। इसे भाजपा ने संपर्क से समर्थन अभियान का नाम दिया है।

केंद्र में बीजेपी सरकार के 9 साल पूरे होने पर देश भर में सभाएं होंगी। जिसमें 22 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दुर्ग आ रहे हैं, 30 जून को बिलासपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जनसभा को संबोधित करेंगे।

15 साल तक भाजपा ने भगवान राम व गाय के नाम पर राज किया

अमर अग्रवाल के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव ने कहा, भाजपा के 15 साल के शासनकाल में छत्तीसगढ़ का कहीं कोई नाम लेने वाला नहीं था। लेकिन, आज छत्तीसगढ़ की पहचान पूरे भारत में विकसित राज्य के रूप में बनी है। यहां के किसान समृद्ध हो रहे हैं, योजनाएं जनता तक पहुंच रही है। भूपेश बघेल ने कौशल्या माता मंदिर सहित गाय की सुरक्षा के लिए गौठान पर काम किया है।

इनपुट (भोजेंद्र वर्मा)

यह भी पढ़ें : बृजभूषण सिंह के पुलते को बनाया ‘दस सिर वाला’ रावण! कांग्रेस ने फूंका पुतला