नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा को मिलेगा मातृ शक्ति का आशीर्वाद:रंजना साहू

By : hashtagu, Last Updated : February 10, 2025 | 9:07 pm

महतारी वंदन के बाद अब महिलाओं को टैक्स में छूट, मुफ्त सेनेटरी नैपकिन,2.5 लाख तक का ऋण और भी बहुत कुछ देने जा रही भाजपा:रंजना साहू

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक रंजना साहू(Former MLA Ranjana Sahu) ने कहा है कि नगरीय निकाय चुनावों में भी छत्तीसगढ़ की मातृ-शक्ति का विश्वास से भरपूर आशीर्वाद भाजपा को मिलने जा रहा है और इन चुनावों में ऐतिहासिक सफलता दर्ज कर भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार(BJP’s triple engine government) विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को नया आयाम देगी।  साहू ने कहा कि प्रदेश की जनता, विशेषकर मातृ-शक्ति के आशीर्वाद और शुभकामनाओं का ही सुपरिणाम है कि भाजपा ने रायपुर समेत पाँच नगर निगमों के महापौर तथा नपा-नपं अध्यक्ष प्रत्याशी के रूप में मातृ-शक्ति को अवसर प्रदान कर महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण की राह आसान की है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता  साहू ने कहा कि यह चुनाव नारी सशक्तीकरण के अवसर का प्रतीक है जिसके लिए संकल्पित भारतीय जनता पार्टी नारी शक्ति की वंदना करती है। प्रदेश सरकार की महती ‘महतारी वंदन योजना’ महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाने का काम कर रही है, उसी प्रकार जन आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश के शहरों व नगरों को सँवारने और जन-सेवा में स्वयं को प्रतिक्षण तत्पर रखने की मातृ-शक्ति की आकांक्षाओं को भाजपा ने साकार किया है।  साहू ने कहा कि जिस तरह ‘मोदी की गारंटी’ के तहत महिलाओं से किए गए वादों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार ने तेजी से पूरा किया है, उससे प्रदेश की नारी-शक्ति में भाजपा के प्रति विश्वास और ऊर्जा का संचार हुआ है। इसी प्रकार नगरीय निकाय चुनावों के लिए जारी “अटल विश्वास पत्र” में भी शहरी व नगरीय क्षेत्रों की महिलाओं के लिए भाजपा ने जो संकल्प व्यक्त किए हैं, उससे महिलाओं में भाजपा के प्रति विश्वास बढ़ा है और वे मान चुकी हैं कि भाजपा ही नारी-वंदन करके महिलाओं के विकास और उनकी समस्याओं के समाधान की ठोस पहल करती आई है और आज जो भाजपा कह रही है, भविष्य में उस पर काम करके भी दिखाएगी।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता  साहू ने ‘अटल विश्वास पत्र’ में महिलाओं के लिए घोषित विशेष योजनाओं के बारे में बताते हुए कहा कि इन संकल्पों में सबसे प्रमुख बात यह है कि नगरीय व शहरी क्षेत्रों में जो अचल सम्पत्ति महिलाओं के नाम दर्ज है, उनके सम्पत्ति कर में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। इसी प्रकार महिलाओं और छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भाजपा की शहर सरकार विद्यालयों और महाविद्यालयों में मुफ्त सैनिटरी नैपकिन की सुविधा उपलब्ध कराएंगी। साथ ही, बाजार क्षेत्रों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे वे साफ और सुरक्षित सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इसके अतिरिक्त, महिला स्वयं सहायता समूह को आर्थिक संबल देने महतारी वंदन योजना के तहत इन समूहों की लाभार्थियों को 2.5 लाख रुपए तक का ऋण और मुफ्त प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।  साहू ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि सर्व-सुविधायुक्त आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र बनाए जाएंगे जहाँ बच्चों ओर माताओं के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, साथ ही शिशुओं को स्तनपान कराने हेतु माताओं के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था की जाएगी। रायपुर समेत सभी शहरी निगम क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं के लिये मौजूदा हॉस्टलों की सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार करेंगे।

यह भी पढ़ें:  विष्णु देव साय सरकार के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन की नई इबारत: 985 आत्मसमर्पण, 1177 गिरफ्तार