अपने ही MLA के खिलाफ BJP ‘कार्यकर्ताओं’ ने खोला मोर्चा! इसकी बड़ी वजह

By : hashtagu, Last Updated : October 8, 2023 | 12:59 pm

रायपुर। कल अपने ही विधायक के खिलाफ बीजेपी के कार्यकर्ताओं की भीड़ ने कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसकी बड़ी वजह सामने आ रही है कि कार्यकर्ताओं में अलकतरा विधायक सौरभ सिंह (MLA Saurabh Singh) को लेकर नाराजगी है। जहां BJP उन्हें फिर से मौका देना चाह रही है। वहीं पार्टी के संगठन का एक गुट नए चेहरे को उतारने पर जोर दे रही है। अकलतरा विधानसभा के कार्यकर्ता मनोज मिश्रा ने बताया कि विधायक सौरभ सिंह ने अकलतरा क्षेत्र में संगठन को बर्बाद करने का काम किया है। एक भी कार्यकर्ता नहीं चाहता कि उन्हें टिकट दी जाए। पार्टी चाहे किसी और को टिकट दे पर सौरभ सिंह स्वीकार्य नहीं हैं।

कहा जा रहा है कि गुजराती समाज और सिंधी समाज अपने समाज के प्रत्याशियों को टिकट देने की मांग को लेकर प्रदेश प्रभारी और चुनाव समिति के प्रमुख ओम माथुर को पत्र लिख चुका है। हालांकि अब तक पार्टी ने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है, फिर भी संभावित नामों पर विवाद जारी है।

बीजेपी के संगठन महामंत्री पवन साय को रोका वाहन

बता दें, इस प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कार्यालय में संगठन के महामंत्री पवन साय और अजय जमवाल मौजूद थे। उनकी कार को कार्यकर्ताओं ने घेर लिया और सामने ही नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा देखकर नेताओं ने गाड़ी आगे बढ़ाई और इसके बाद कुछ प्रतिनिधियों को मिलने के लिए बुलाया।

बड़े नेता हुए नाराज

अकलतरा से आए इन कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधि मंडल बड़े नेताओं से मिलने पहुंचा। अंदर बातचीत हुई, कार्यकर्ताओं ने सौरभ सिंह की शिकायत की। जिस पर जामवाल और साय ने कार्यकर्ताओं को दोबारा इस तरह विरोध नहीं करने की हिदायत दी।

आरंग और बेमेतरा में भी हुआ विरोध

विरोध प्रदर्शन का यह पहला मामला नहीं है। दो दिन पहले ही आरंग से बड़ी तादाद में इसी तरह नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। खुशवंत साहिब को टिकट न दिए जाने की मांग करने लगे। बेमेतरा से भी आए कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय में हंगामा कर चुके हैं।

इनपुट (भोजेंद्र वर्मा)

यह भी पढ़ें : Special Article : चुनावी ‘इतिहास’ के पन्नों में मतदान की कहानी! कैसे बना ‘लोकतंत्र’ का पर्व