‘विधानसभा घेराव’ से एक दिन पूर्व PM आवास पर BJP का पोस्टर वार!

By : madhukar dubey, Last Updated : March 14, 2023 | 5:55 pm

छत्तीसगढ़। पीएम आवास (PM Awas) के मुद्दे पर BJP 15 मार्च को विधानसभा का घेराव करने जा रही है। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी है। इसके मद्देनजर बीजेपी ने अपने ट्विटर पर पोस्टर और विडियो वार छेड़ रखा है। इसमें मोर आवास, मोर अधिकार अभियान के तहत सभी बीजेपी नेता और अभियान से जुड़े पदाधिकारियों की ट्विटर पर पोस्टर और विडियो की बाढ़ आ गई है। जहां वे पीएम आवास को लेकर भूपेश सरकार को घेरते नजर आ रहे हैं।

प्रदेश भाजपा महामंत्री व मोर आवास मोर अधिकार अभियान के संयोजक विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री से कहा कि झूठ के पुलिंदे पर बनी सरकार, हर बात पर झूठ बोले, यह उचित नहीं है। मुख्यमंत्री सदन में झूठ बोल रहे हैं। सदन के बाहर भी झूठ बोल रहे हैं।

कांग्रेस मीडिया विभाग के लोग बिना तथ्यों के उनके सुर में सुर मिला रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थिति आपको देखना है तो प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण की वेबसाइट पर मिल जाएगा। सारी जानकारियां वर्षवार एंट्री हैं और यह कोई आज की नहीं हैं, पुरानी हैं।

मुख्यमंत्री तथ्यों को झुठला रहे हैं, यह ठीक नहीं है। भाजपा उन्हें सच्चाई पर परदा नहीं डालने देगी। सभी समझ रहे हैं कि भूपेश बघेल सवा चार साल से सिर्फ झूठ बोलकर सरकार चला रहे हैं। किया धरा कुछ नहीं है। उनकी सरकार धराशाई होने वाली है तो अब प्रधानमंत्री आवास पर झूठ बोल रहे हैं।