रायपुर में अवैध शराब बिक्री पर भड़के सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अधिकारियों को मंच से लगाई फटकार

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी इलाके में अवैध शराब बिक्री और उससे बढ़ रही सामाजिक समस्याओं की शिकायत की।

  • Written By:
  • Updated On - May 24, 2026 / 12:21 AM IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अवैध शराब (Illegal Liquor) बिक्री को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अधिकारियों पर जमकर भड़क गए। सुशासन तिहार (Sushasan Tihar) के एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से ही अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि शहर और ग्रामीण इलाकों में खुलेआम अवैध शराब बिक रही है, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रहा है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सरकार सुशासन और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की बात कर रही है, लेकिन जमीन पर हालात अलग दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर अवैध शराब का कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी इलाके में अवैध शराब बिक्री और उससे बढ़ रही सामाजिक समस्याओं की शिकायत की। सांसद ने कहा कि गांवों और शहरों में युवाओं को नशे की तरफ धकेला जा रहा है, जिससे अपराध भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सांसद के तेवर देखकर कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी भी असहज नजर आए। बृजमोहन अग्रवाल ने साफ कहा कि जनता की शिकायतों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और सरकार की छवि खराब करने वाले लोगों पर कार्रवाई तय है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।