रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए चिकित्सा शिक्षा (Medical Education) के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी आई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (National Medical Commission-NMC) ने राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों (Government Medical Colleges) को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रदेश में 250 नई एमबीबीएस (MBBS) सीटें जुड़ जाएंगी, जिससे मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
मंजूरी मिलने के बाद राज्य में स्थापित किए जा रहे पांचों नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रत्येक में 50-50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इन कॉलेजों के शुरू होने से प्रदेश के छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए अधिक अवसर मिलेंगे और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
इस फैसले को राज्य सरकार की स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने से दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज की सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का मानना है कि मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ने से न केवल मेडिकल शिक्षा का दायरा विस्तृत होगा, बल्कि नए अस्पतालों और चिकित्सा सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी। इससे प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना और चिकित्सा सेवाएं पहले की तुलना में अधिक मजबूत होंगी।
गौरतलब है कि पिछले महीने इन मेडिकल कॉलेजों के प्रस्तावों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी, लेकिन अब एनएमसी की मंजूरी मिलने के बाद राज्य के मेडिकल शिक्षा क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा मिला है। 250 नई एमबीबीएस सीटों के जुड़ने से नीट (NEET) के अभ्यर्थियों के लिए भी अवसर बढ़ेंगे।