‘ओम माथुर’ के टिप्स पर दौड़ेंगी ‘CG बीजेपी’, जानें, अरूण साव का प्लान

By : madhukar dubey, Last Updated : January 12, 2023 | 4:23 pm

छत्तीसगढ़। (BJP) भारतीय जनता पार्टी की बुधवार को बैठकें हुईं। एक बैठक युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की थी, तो दूसरी बैठक भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति की। खबर है कि युवा मोर्चा की बैठक की हालत देखकर बड़े नेता खासे खुश नजर नहीं आए। दरअसल हाल ही में प्रदेश स्तर पर युवा मोर्चा ने ५७ लोगों की नई टीम का ऐलान किया है। इस टीम में से ३८ लोग ही बैठक में पहुंचे।

ये पहली बैठक थी जिसे खुद भाजपा प्रदेश प्रभारी (Om Mathur) ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी आलोक डंगस ,युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी विजय शर्मा और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ले रहे थे। नई टीम के लिए संगठन के बड़े नेताओं से मुखातिब होने का पहला मौका था। दर्जन भर से ज्यादा नेता तो पहुंचे ही नहीं।

मोर्चा में बदलाव की चर्चा

कम लोगों के आने की बात को बड़े नेताओं ने जरा नजरअंदाज भी किया। मगर आपसी कोऑर्डिनेशन की कमी, जिला अध्यक्षों की सहमति के बिना प्रदेश स्तर के पदों का बंटवारा कर देने से उपजे विवाद की जानकारी प्रदेश प्रभारी ओम माथुर तक भी पहुंचने की खबर है। युवा मोर्चा ने प्रदेश की टीम में पूरी तरह से नए चेहरों को जगह दी है। ऐसे में पुराने कार्यकर्ताओं के बीच फैले असंतोष की बात भी बड़े नेताओं को बताई गई है। इसकी नुकसान ये है कि पार्टी के कार्यक्रमों में लोग जुटाने में मशक्कत करनी पड़ रही है। पार्टी का झंडा गली-गली में बुलंद करने वाले कार्यकर्ता खुद को अधर में पा रहे हैं। अब चर्चा है कि कुछ बदलाव भी युवा मोर्चा में किए जा सकते हैं, ताकि नाराज कार्यकर्ताओं को मनाया जा सके।

माथुर ने दिए ४ मंत्र

युवा मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने युवा मोर्चा को ४ मूलमंत्र देते हुए कहा कि लोक संपर्क,लोक संग्रह, लोक संस्कार व लोक नियोजन का कार्य करना है। मतलब आम जनता से मिलकर उनके समस्याओं को सुनकर उनको साथ लेकर, उनके हित के लिए संघर्ष करना है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा भाजपा का वह शक्ति दंड है जिस की ताकत से हम इस झूठी कांग्रेस को सबक सिखाएंगे। हमें युवाओं के विषयों को ले कर, गांव – गांव ,जमीनी स्तर तक जाना है और जनता में विश्वास जगाना है कि जल्द ही उन्हें इस फरेबी कांग्रेस से छुटकारा मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल शक्ति अर्जन का माध्यम नहीं बल्कि संस्कार वर्धन का माध्यम होना चाहिए।

चुनावी साल में उम्मीद युवाओं से ही

पार्टी की इस बैठक में खुले तौर पर अरुण साव ने कहा – प्रदेश युवा मोर्चा की टीम से पूरी भाजपा को बहुत अपेक्षा है। असल में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ही संगठनात्मक रूप से होने वाले आंदोलन प्रदर्शन में आगे रहकर काम करते हैं। दूसरी तरफ पार्टी सूत्रों का कहना है कि युवा मोर्चा में पदों के बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं में व्याप्त भारी आक्रोश की वजह से कहीं ये पार्टी के लिए हानिकारक फैसला न बनें। हालांकि युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सभी पदाधिकारी सब ठीक-ठाक है का बयान ही देते नजर आए।