CG बोर्ड परीक्षा 2025: 20 फरवरी से शुरू, 10वीं के छात्रों में कमी; नया ब्लूप्रिंट और 80 अंकों की परीक्षा
By : ira saxena, Last Updated : December 4, 2025 | 11:04 pm
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025 (Board examination) के लिए पंजीयन प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस बार पंजीयन आंकड़ों में बड़ा बदलाव दिखा है। 10वीं के छात्रों की संख्या घटी है, जबकि 12वीं में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। पिछले साल की तुलना में 10वीं के विद्यार्थी 12वीं की तुलना में 11,478 कम हो गए हैं। मंडल ने परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है और दोनों कक्षाओं की प्रैक्टिकल/प्रोजेक्ट परीक्षाएं 1 जनवरी से आयोजित होंगी।
कितने छात्रों ने कराया पंजीयन:
कक्षा 10वीं में इस बार कुल 3,23,705 छात्रों ने पंजीयन कराया है, जिसमें 3,16,947 नियमित और 6,758 प्राइवेट हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस साल 5,011 छात्रों की संख्या कम हुई है।
कक्षा 12वीं में कुल 2,46,889 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है, जिनमें 2,39,314 नियमित और 7,575 प्राइवेट हैं। इस बार 12वीं में छात्रों की संख्या पिछले साल से 6,467 अधिक है।
इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं एक सप्ताह पहले शुरू होंगी। पहले परीक्षाएं 1 मार्च से होती थीं, लेकिन इस बार 20 फरवरी से शुरू होंगी। समय से पहले परीक्षा होने के कारण प्रैक्टिकल भी 10 दिन पहले, यानी 1 जनवरी से लिए जाएंगे। माशिमं समय-सारणी जारी कर चुका है।
लगभग 10 साल बाद बोर्ड परीक्षाओं के ब्लू प्रिंट में बड़ा बदलाव लागू किया गया है। नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत इस बार की परीक्षाएं नए पैटर्न पर होंगी। अब प्रत्येक विषय में 5 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ), 5 अति लघु उत्तरीय प्रश्न शामिल होंगे और 11वीं-12वीं में प्रोजेक्ट वर्क अनिवार्य रहेगा। परीक्षा अब 100 की जगह 80 अंक सिद्धांत और 20 अंक प्रोजेक्ट के आधार पर होगी। 10वीं और 12वीं दोनों की प्रैक्टिकल/प्रोजेक्ट परीक्षाएं 1 जनवरी से शुरू होंगी।
पिछले वर्ष 10वीं का रिजल्ट 76.53% और 12वीं का 81.87% रहा था।




