CG-लोकसभा चुनाव Story : BJP की 6 लाख वोटों की लीड! कांग्रेस के लिए बड़ी कठिन चुनौती

By : hashtagu, Last Updated : March 23, 2024 | 4:19 pm

रायपुर। लोकसभा के चुनावी समर (Lok Sabha election season) में बीजेपी-कांग्रेस (BJP-Congress) में आगे निकलने की हाेड़ मची हुई है। लेकिन बीजेपी हर मोर्चे पर कांग्रेस पर भारी पड़ती दिख रही है। ऐसे में कांग्रेस के बड़ी कठिन चुनौती है। जिसे पार पाने के लिए कांग्रेस को बड़ी मशक्कत ही करनी पड़ेगी। लेकिन राजनीतिक जानकारों के मुताबिक मौजूदा सियासी माहौल में बीजेपी अव्वल ही दिख रही है।

  • अगर बात करें, पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने नौ लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस केवल कोरबा और बस्तर सीट जीतने में सफल रही। भाजपा ने पांच लोकसभा सीटों पर एक लाख से लेकर लगभग 4 लाख मतों की लीड ली थी। यह स्थिति तब थी जब 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने क्लीन स्वीप करते हुए भाजपा को 15 सीटों पर समेट दिया था।

पिछले विस चुनाव में मतों का आंकड़ा पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में था। इस बार के विधानसभा चुनाव के नतीजे ठीक विपरीत हैं। भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में कमबैक करते हुए 54 सीटें जीती हैं। आंकड़ों के लिहाज से कांग्रेस को 3 लोकसभा सीटों जांजगीर चांपा, महासमुंद और कांकेर में ही बढ़त है। दरअसल, लोकसभा की 11 सीटों पर 2023 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े भाजपा के पक्ष में हैं। भाजपा ने प्रदेश में कांग्रेस पर 6 लाख 32 हजार 382 मतों की लीड ले रखी है। कांग्रेस के सामने मतों के इस बड़े गैप को पाटने की चुनौती है।

बता दें कि 2023 के विधानसभा चुनाव में 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 933 लोगों ने मतदान किया। इसमें से भाजपा को 72 लाख 34 हजार 968 और कांग्रेस को 66 लाख 2 हजार 586 मत मिले। यानि भाजपा को 46.27 प्रतिशत और कांग्रेस को 42.23 प्रतिशत मत मिले।

रायपुर

सीट पर भाजपा को 2,44,222 की बढ़त रायपुर लोकसभा में नौ विधानसभा सीटें हैं। भाजपा ने 8 सीटों पर जबकि कांग्रेस ने केवल भाटापारा विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की है। इस लोकसभा सीट पर भाजपा को लगभग 7 लाख मत मिले हैं। भाजपा ने कांग्रेस पर 2,44,222 मतों की लीड ली है।

दुर्ग

कांग्रेस पर भाजपा की लीड

दुर्ग लोकसभा सीट में नौ विधानसभा सीटें हैं। इसमें से सात पर बीजेपी और दो पर कांग्रेस का कब्जा है। इस लोकसभा सीट पर भाजपा को 1,39,196 मतों की लीड है। ऐसे में कांग्रेस के सामने इस लीड को पाटना चुनौती होगी।

राजनांदगांव

भाजपा विस सीटों में पिछड़ी

राजनांदगांव लोकसभा सीट में 8 विधानसभा सीटें हैं। इसमें से तीन में भाजपा और 5 विस में कांग्रेस का कब्जा है। हालांकि, मतों का आंकड़ा भाजपा के पक्ष में है। भाजपा को इस लोकसभा सीट पर 1,11,966 मतों की लीड है।

सरगुजा

कांग्रेस भाजपा से पीछे

सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा सीटें हैं। यहां भाजपा ने क्लीन स्वीप करते हुए सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। मतों का आंकड़ा भाजपा के पक्ष में है। इस लोकसभा सीट पर भाजपा को 1,57,873 मतों की लीड है।

रायगढ़

​​​​​​​मतों में भाजपा आगे

रायगढ़ लोकसभा में 8 विधानसभा सीटें हैं। इसमें से 4 विधानसभा सीट पर भाजपा और 4 पर कांग्रेस काबिज है। भाजपा को इस लोकसभा में 7 लाख 8 हजार 628 और कांग्रेस को 6 लाख 65 हजार 908 वोट मिले।

जांजगीर-चांपा

​​​​​​​कांग्रेस को बढ़त

जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा सीटें हैं। कांग्रेस ने क्लीन स्वीप करते हुए सभी विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। यहां मतों का आंकड़ा कांग्रेस के पक्ष में है। कांग्रेस ने यहां 1,17,196 मतों की लीड ले रखी है।

बिलासपुर

कांग्रेस एक लाख से पीछे

बिलासपुर लोकसभा सीट में 8 विधानसभा सीटें हैं। इसमें से 6 पर भाजपा और 2 पर कांग्रेस जीती थी। 2023 के विधानसभा चुनाव के अनुसार भाजपा- कांग्रेस के बीच 99,345 मतों का गैप कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौती है।

महासमुंद

​​​​​​​लीड कांग्रेस को ही

महासमुंद लोकसभा सीट में 8 विधानसभा सीटें हैं। इसमें से 5 पर भाजपा और 3 पर कांग्रेस काबिज है। पांच विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के बावजूद इस लोकसभा में भाजपा पर कांग्रेस को 9483 मतों की लीड है।

बस्तर

कांग्रेस भाजपा से पीछे

बस्तर लोकसभा सीट में 8 विधानसभा सीटें हैं। इसमें 6 पर भाजपा जबकि दो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को बढ़त हासिल है। 2023 के विधानसभा चुनाव के अनुसार इस सीट पर भाजपा को 81,646 मतों की लीड है।

कांकेर

​​​​​​​कांग्रेस की लीड 82 हजार

कांकेर लोकसभा क्षेत्र में 8 विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तीन जबकि कांग्रेस ने 5 विधानसभा सीटों पर बढ़त ली थी। इसके अनुसार कांग्रेस को इस लोकसभा सीट पर 82,300 मतों की लीड है।

  • कोरबा

  • भाजपा 61 हजार से आगे

  • कोरबा लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 6 और कांग्रेस ने 2 विधानसभा सीटों पर बढ़त हासिल की है। इस सीट पर फिलहाल भाजपा को 61,208 मतों की लीड हासिल है।

यह भी पढ़ें : CG-Political Story : चुनावी मौसम में ‘छाई मुद्दों’ की घटाएं! वोटों के ‘बारिश’ की आस में BJP-कांग्रेस