Chhattisgarh : भाजपा में ‘कार्यकर्ताओं’ की जय-जयकार! इसकी बड़ी वजहें…गिना गए संगठन के बड़े नेता

भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शीर्ष नेतृत्व के नेताओं ने साफ संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं को यह अहसास करा दिया है

  • Written By:
  • Updated On - July 11, 2024 / 07:50 PM IST

रायपुर। भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक (State Working Committee meeting of BJP Chhattisgarh) में शीर्ष नेतृत्व के नेताओं ने साफ संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं को यह अहसास करा दिया है कि पार्टी में कार्यकर्ताओं (Workers in the party) की सदैव जय-जयकार होगी। जैसे सत्ता में आने से पूर्व जिस उत्साह और हौंसले के साथ संघर्ष किया, ठीक उसी तरह उत्साह को बनाए रखना है। पंचायत और नगरीय निकाय के चुनावों में भी बड़ी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। साथ ही सत्ता के विरूद्ध विपक्ष द्वारा चलाए जाने वाले नकारात्मकता छवि के खिलाफ लड़ना है। उनके दुष्प्रचार और झूठ को जनता के बीच फैलने नहीं देना है। इस बैठक में भाजपा के शीर्ष नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और उनके सम्मान और उनके सुझाव को प्राथमिकता देने का संकल्प भी लिया गया। देखा जाए, जो गलती कांग्रेस ने की थी, उसे भाजपा में उस भूल को नहीं करने दिया जाएगा।

आइए जानते हैं आयोजित बैठक के मुख्य नेताओं की प्रमुख बातें। इनसे यह सहज ही समझा जा सकता है कि भाजपा संगठन विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद अब नगरीय चुनाव से लेकर पंचायत चुनाव तक पूरी सक्रियता के साथ लगा रहेगा,ताकि यहां छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार दोबार रिपीट हो। वैसे अभी काफी समय है, फिर भी इन्हें ध्यान रखते हुए भाजपा संगठन इस लक्ष्य पर सक्रिय रहेगी।

जब तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक हमारी सरकार न बने हमारा सफर अधूरा है:नितिन नबीन

कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि प्रदेश कार्य समिति में हुई चर्चा और तय कार्य योजना को लेकर जन-जनतक जाना है। कांग्रेस शासन काल में भाजपा के आंदोलनों में जनता के मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने भाजपा को सत्ता तक पहुंचा है। कांग्रेस के खिलाफ हुए चरणबद्ध आंदोलन में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने भाजपा को जीत दिलाई है। लेकिन यह जीत अभी आधा सफर है। हम सरकार सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिए ही नहीं बनाते। अभी और आगे जाना है पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक जब तक भाजपा का झंडा नहीं फहराएगा हमारा सफर अधूरा है। नबीन ने कहा कि कांग्रेस के वोट बैंक को पूरी तरह घटाकर हमें बीजेपी को मजबूत बनाएंगे इसलिए हमें निकाय और पंचायत चुनाव में जीतने के लिए एकजुट होना है।

  • प्रदेश भाजपा प्रभारी नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश मजबूती से खड़ा है। इसलिए विश्व श्री मोदी जी की बात सुनता है। इसलिए हमें निकाय और पंचायत चुनाव में एकजुटता दिखानी है। पार्टी का प्रत्याशी चाहे कोई भी हो, चुनाव में भाजपा को जीताना है।

प्रदेश भाजपा प्रभारी नबीन ने कहा कि आज हम सत्ता में हैं लेकिन सरकार चलाने की जिम्मेदारी सिर्फ विधायक, मंत्री, सांसदों की नहीं है हम सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के हित का चिंतन करना होगा। सरकार के कार्यों व योजनाओं को लेकर जन-जन तक जाना है। प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हमें समन्वय कायम करके समयबध्द तरीके से लक्ष्य को हासिल करना होगा।

राजनीतिक प्रस्ताव रखते हुए बोले शिवरतन शर्मा,मोदी सरकार में 25 करोड़ लोगो का गरीबी रेखा से बाहर जाना ऐतिहासिक

राजनीतिक प्रस्ताव रखते हुए चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि पिछले 6 माह में भाजपा ने विधानसभा और लोकसभा में शानदार जीत हासिल की। विधानसभा में हमने चौथी बार सरकार बनाई है। लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने हर बार बेहतर प्रदर्शन किया है। भाजपा ने 51% मत का लक्ष्य रखा। इस बीच थर्ड फ्रंट की राजनीतिक भूमिका नगण्य हो गई।

  • 2023 का विधानसभा चुनाव हमने 46.27 प्रतिशत मत हासिल किया। जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में हमने 52.6% मत प्राप्त हुए। 1980 से लगातार भाजपा की सीटों और मत प्रतिशत में वृद्धि हुई। श्री शर्मा ने कहा गठबंधन-राजनीति के कार्यकाल की चर्चा करते हुए साफ किया कि लोकसभा चुनाव में एनडीए ने चुनाव पूर्व गठबंधन के तौर पर 293 सीट हासिल कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। भाजपा ने धारा 370 और 35 ए अनुच्छेद खत्म करके डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी। राम मंदिर का निर्माण हुआ। कांग्रेस के राम मंदिर आंदोलन को हराने के कथन पर कटाक्ष कर कहा कि राम मंदिर निर्माण को लेकर भाजपा कार्यकर्ता गौरांवित है।

 शर्मा ने कहा कि देश में भाजपा सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, उज्जवला गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, मुफ्त राशन की चर्चा करते हुए भी श्री शर्मा ने 6 माह की छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि धान खरीदी, बोनस भुगतान, महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता की खरीदी का मूल्य बढ़ाने का काम बीजेपी सरकार ने किया।

  • नक्सलवाद समाप्ति के कगार पर है 140 इनामी नक्सलियों को मार कर प्रदेश सरकार ने संदेश दे दिया कि या तो नक्सली आत्म समर्पण करें या फिर मौत उनकी नियति है मोदी की गारंटी पुरी करके सुशासन स्थापित किया है। कांग्रेस शासन काल के अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार की चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि आज भी कांग्रेस प्रलाप कर रही है और हिंदुओं को हिंसक बता रही है। अल्पसंख्यकों को सम्मान पूर्वक जीने का अधिकार और अवसर भारत में मिला यह हिंदुओं की उदारता का प्रमाण है। कांग्रेस की विपक्ष की भूमिका देश और प्रदेश में नकारात्मक है।

चुनावो में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को धूल चटाई-अरुण साव

राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव ने देश को भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं की सामर्थ्य का परिचय कराया है। कमर कसकर मैदान में कार्यकर्ता उतार जाए तो कोई ताकत भाजपा को नहीं हरा सकती। छत्तीसगढ़ वासियो की ताकत प्रदेश को अव्वल बनाएगी। कांग्रेस शासन काल में छत्तीसगढ़ की दुर्दशा और अराजकता की चर्चा करते हुए साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का मान सम्मान और गौरव भाजपा के हाथों में सुरक्षित है। प्रधानमंत्री मोदी के शासनकाल में देश की दिशा और दशा बदल गई। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का विजन लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार सुशासन स्थापित कर रही है। श्री साव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनाने के साथ के बाद अब निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा को जिताकर कर चार इंजन वाली सरकार बनानी है।

  • प्रस्ताव का समर्थन करते हुए विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भारत की धाक कायम की है। अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देशवासियों को मिल रहा । अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही देश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार ने मोदी की गारंटी के वादे तेजी से पूरा करके देश में एक मिसाल पेश की ।

हमारी पारदर्शी नीतियों से भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश नहीं बचती- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

हमारी सरकार करप्शन के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। कांग्रेस के समय में आबकारी में जो नियम बनाए गए थे जिसके कारण शराब घोटाला हुआ हमने उन नियमों को हटाकर नए नियम बना दिये ताकि भ्रष्टाचार का कोई स्रोत ही ना बचे। सारे ऑफलाइन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए हम उन्हें ऑनलाइन कर रहे हैं। पिछले 5 साल में जितने भी भ्रष्टाचार हुए उन सभी के दोषियों को सख्त से सख्त सजा हो इस दिशा में भी हमारी सरकार मजबूती से कदम उठा रही है। सभी घोटालों की जांच हो रही है। शराब घोटाला, कोयला घोटाला मामले में लोगों को डेढ़ साल से जमानत नहीं मिल रही है। मुख्यमंत्री होने के नाते मैं आप सभी को यह आश्वस्त करता हूं कि हम सभी पूरी निष्ठा के साथ जनहित में परिश्रम करते रहेंगे।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2023 के 6 महीने पहले छत्तीसगढ़ की क्या स्थिति थी, यह आप सभी को पता है, कांग्रेस ने प्रदेश को भ्रष्टाचार और अपराध का गढ़ बना दिया था, जनता त्रस्त थी। कांग्रेस ने जनता के बीच क्या क्या भ्रम फैला रखा था, यह आप सभी जानते ही हैं। उस समय हमारे प्रदेश प्रभारी के रूप में आए श्री ओम माथुर जी कहते थे कि हम छत्तीसगढ़ में सरकार बनाएंगे। उनकी इस बात पर हम सभी सोच में पड़ जाते थे, कांग्रेस ने बहुत दुष्प्रचार जो किया था। आदरणीय शिव प्रकाश जी ने स्वयं एक-एक संभाग में जाकर हमारे कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने की जिम्मेदारी ली। श्री अजय जामवाल जी ने संगठन की गतिविधियों को मजबूती देने में अपना बहुत योगदान दिया।

साय ने कहा, विधानसभा चुनाव से पहले 7 जुलाई 2023 को श्री नरेंद्र मोदी ने यहां आयोजित एक सभा में अउ नई सहिबो, बदल के रहिबो का आह्वान किया था इसके बाद पूरे छत्तीसगढ़ में वातावरण ही बदल गया। विधानसभा और लोकसभा में हमें ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई। यह विजय हर कार्यकर्ता की विजय है जिन्होंने जनता का विश्वास जीतकर उन्हें भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए विश्वास में लिया। सरकार बनने के बाद हमने मोदी की गारंटी के तहत जितने भी वादे किए थे, उन सभी को पूरे करने की दिशा में लगातार आगे बढ़े।

मोदी जी ने कहा था कि सरकार बनते ही हम 18 लाख जरूरतमंदो को आवास देंगे। 13 दिसंबर को हमारी सरकार ने शपथ लिया और 14 दिसंबर को ही हमने पहली कैबिनेट बैठक की और 18 लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासों की स्वीकृति प्रदान की। किसान भाइयों से हमारा वादा था जिसे पूरा करते हुए हमने 2 साल का बकाया बोनस 3716 करोड़ रुपए उन्हें भुगतान किया। बकाया बोनस कांग्रेस ने भी अपने घोषणा पत्र में शामिल किया था लेकिन 5 साल की सरकार में नहीं दे पाई। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हम प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए सालाना 12 हजार रुपए का भुगतान कर रहे हैं। आदिवासियों के हित में हमने कई अहम फैसले लिए हैं, तेंदूपत्ता खरीदी की राशि 4 हजार रुपए से बढ़ाकर 5 हजार 5 सौ रुपए प्रति बोरा कर दिया है। संग्राहकों के लिए चरण पादूका योजना भी हम जल्द शुरू करने जा रहे हैं।

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को दूरस्थ अंचलों तक पहुंचाने के लिए भी सरकार विशेष कदम उठा रही है, यही कारण है कि नियद नेल्लानार जैसी योजनाएं आज बड़ा परिवर्तन ला रही है। माओवाद प्रभावित इलाकों में छत्तीसगढ़ सरकार के त्वरित और सख्त निर्णय से विगत 6 माह में 136 माओवादी ढेर, 526 गिरफ्तार और 442 का आत्मसमर्पण जैसी उपलब्धियां माओवाद समस्या के पूर्ण निदान की ओर बड़ी सफलता है। अब तक के इतिहास में नक्सलवाद के खिलाफ इतनी तेजी से लड़ाई नहीं हुई।

साय ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि 2047 तक विकसित भारत के रूप में हमें अपने देश को खड़े करना है। इसमें छत्तीसगढ़ का अहम योगदान सुनिश्चित करने के लिए हम विकसित छत्तीसगढ़ की अवधारणा पूरी करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। मोदी जी के आह्वान पर एक पेड़ माँ के नाम के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ में वन संरक्षण और वृक्षारोपण की दिशा में लगभग 4 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी भी एक पेड़ माँ के नाम का जरूर लगाएं।

प्रदेश कार्यसमिति में संगठन महामंत्री पवन साय ने आगामी कार्यक्रमों के लिए दिया मार्गदर्शन

  • इससे पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी लेकर भविष्य की कार्य योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
  • प्रदेश कार्य समिति की बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं आईटी सेल प्रभारी दीपक म्हस्के ने चुनावी नतीजे का डिजिटल विश्लेषण प्रस्तुत किया।
  • भाजपा प्रदेश कार्य समिति बैठक के प्रथम सत्र का संचालन प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव एवं जगदीश (रामू) रोहरा ने किया वहीं समापन सत्र का संचालन प्रदेश महामंत्री भरतलाल वर्मा एवं आभार प्रदेश महामंत्री रामजी भारती ने व्यक्त किया।

बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधायक पुन्नू लाल मोहले, व्रिक्रम उसेंडी, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जगदीश रामू रोहरा, भरत लाल वर्मा, रामजी भारती, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : केंद्रीय वित्त आयोग के दल ने की पंचायत, नगरीय निकाय एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ परिचर्चा