छत्तीसगढ़ में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की हत्या, 50 लाख के गहने लूटे; सड़क पर उतरे व्यापारी

जानकारी के अनुसार प्रदीप सोनी बाजार खत्म होने के बाद अपने गहनों को बैग में रख रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और लूटपाट की कोशिश की।

  • Written By:
  • Publish Date - May 27, 2026 / 07:57 PM IST

पेंड्रा (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में दिनदहाड़े सराफा व्यापारी (Jeweller) की गोली मारकर हत्या (Murder) और 50 लाख रुपये की लूट (Loot) से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी सोने-चांदी के गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार प्रदीप सोनी बाजार खत्म होने के बाद अपने गहनों को बैग में रख रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने भीड़ के बीच गोली चला दी। गोली लगने से प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बुधवार को परिजनों और व्यापारियों ने शव को सड़क पर रखकर पेंड्रा-मरवाही मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

व्यापारियों का आरोप है कि इतनी भीड़भाड़ वाले बाजार में इस तरह की वारदात होना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

बढ़ते तनाव के बीच पुलिस प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराने पर सहमति बनी। शव को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन डॉक्टरों की टीम की निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

जिला पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने कहा है कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। पुलिस बाजार और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ भी की जा रही है और संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

इस सनसनीखेज वारदात के विरोध में जिले के व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। प्रदीप सोनी अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।