इंदिरा गांधी की प्रतिमा का CM ने किया अनावरण, लगे भूपेश काका जिंदाबाद के नारे

By : madhukar dubey, Last Updated : November 16, 2022 | 10:00 pm

छत्तीसगढ़। संजीदे व्यवहार और सादगी के लिए मशहूर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव जिले का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक लेकर जहां समीक्षा बैठक की। वहीं खुज्जी विधानसभा क्षेत्र क ग्राम छुरिया में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांजी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान भूपेश काका जिंदाबाद के नारे लगे।

विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया

सीएम ने एफसीआई में चावल जमा होने और फोर्टिफाइड चावल के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग की भी समीक्षा की और कहा कि इसमें बहुत सुधार की जरूरत है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति नियमित होनी चाहिए। अधिक दूर से आने के चक्कर में वे बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते, ऐसा नहीं होना चाहिए।

सीएम ने कहा, सी मार्ट के उत्पादों को प्रोत्साहित करें

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों से कहा कि सी-मार्ट खोला गया है। जिन वस्तुओं की डिमांड है, उनके उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि पैरादान सबसे ज्यादा जरूरी है। कुछ जगहों पर लोग पैरा जला रहे हैं। हमें यह बताना होगा कि लोग इसे गौठनों में दान करें। गौठान में जो नहीं हो रहा है, वह रीपा में कराएं। रीपा अलग तरह की योजना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस योजना को ले जाना है। अपने दायरे को बढ़ाकर लाभ लें। उन्होंने ये भी कहा कि दंतेवाड़ा में ४ डेनेक्स संचालित हैं, जिन्हें अच्छा मार्केट मिल गया है। ढेंकी का चावल फेमस हो रहा है, इसे और बढ़ावा दिए जाने की जरूरत है।

मां के दरबार में सीएम ने टेका मत्था

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज माता बम्लेश्वरी के मंदिर भी गए और उनकी विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मां बम्लेश्वरी से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने माता बम्लेश्वरी मंदिर में श्रीफल, चुनरी और पूजन सामग्री चढ़ाई और विधिपूर्वक मंत्रोच्चार के साथ आरती भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता बम्लेश्वरी मंदिर का प्रदेश में विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से जो भी भक्त माता बम्लेश्वरी के मंदिर में आता है, उसकी मनोकामना जरूर पूरी होती है।