सीएम साय की विदेश यात्रा पर कांग्रेस का हमला, नेताओं ने इसे बताया फिजूलखर्ची और दिखावा

By : hashtagu, Last Updated : August 21, 2025 | 5:57 pm

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Sai) आज दिल्ली से देर शाम अपने पहले विदेश दौरे पर रवाना होंगे। यह दौरा जापान और साउथ कोरिया का है। विदेश यात्रा पर जाने से पहले सीएम साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए इस दौरे का उद्देश्य निवेशकों को बुलाने का बताया। हालांकि, इस विदेश यात्रा पर कांग्रेस नेताओं ने तंज कसा है। उनका कहना है कि जब डॉ. रमन सिंह की सरकार थी, तब भी उन्होंने कई विदेश दौरे किए, लेकिन प्रदेश को इसका कोई खास लाभ नहीं हुआ।

सीएम साय से पहले, मंत्री ओपी चौधरी और डिप्टी सीएम अरुण साव भी विदेश दौरे पर जा चुके हैं, लेकिन इससे प्रदेश को कोई ठोस फायदा नहीं मिला। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि बीजेपी द्वारा जनता का पैसा सिर्फ फिजूलखर्ची के लिए खर्च किया जा रहा है।

विदेशी दौरा केवल दिखावा: विकास
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सीएम साय की विदेश यात्रा को सिर्फ दिखावा करार दिया है। उनका कहना है कि यदि इन यात्राओं से सच में निवेश आता तो लोगों को रोजगार मिलता और प्रदेश में नई तकनीक व अवसर आते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के मुकाबले छत्तीसगढ़ का विकास पीछे है। रमन सिंह सरकार के दौरान भी कई मंत्री और विधायक विदेश दौरे पर गए, लेकिन प्रदेश को इससे कोई ठोस लाभ नहीं मिला। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि ये विदेश दौरे केवल दिखावे के लिए होते हैं।

सैर सपाटे में खर्च हो रही जनता की गाढ़ी कमाई
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने सीएम और मंत्रियों पर जनता की मेहनत की कमाई से सैर-सपाटा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में कोई बड़ा निवेश नहीं आया है।

सीएम साय विदेश से निवेश लाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि यात्रा के बाद प्रदेश में कौन-कौन से निवेश आए हैं। इसके बारे में प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से प्रदेशवासियों को जानकारी दी जानी चाहिए।

शुक्ला ने यह भी कहा कि जब से साय सरकार का गठन हुआ है, डिप्टी सीएम अरुण साव और मंत्री ओपी चौधरी विदेश दौरे पर गए थे। लेकिन इस यात्रा का प्रदेश को क्या फायदा हुआ, यह आज तक जनता नहीं जान पाई है।