कांग्रेस की ‘भारत न्याय यात्रा’ छत्तीसगढ़ के ‘5 लोकसभा’ से होकर गुजरेगी! इसके सियासी मायने

By : hashtagu, Last Updated : December 29, 2023 | 4:31 pm

रायपुर। राहुल गांधी लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भारत न्याय यात्रा (Bharat Nyay Yatra) की शुरुआत करेंगे। ये यात्रा छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की 5 लोकसभा सीट रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा होते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी की ओर आगे बढ़ेगी। हालांकि यात्रा का फाइनल रोड-मैप अभी आना बाकी है। प्रदेश में यह यात्रा ओडिशा होते हुए रायगढ़ से प्रवेश करेगी।

छत्तीसगढ़ में लोकसभा की कुल 11 सीटें हैं, जिनमें से केवल 2 सीट ही कांग्रेस के पास है। पार्टी को आस है कि इस यात्रा के बाद प्रदेश में पार्टी की सीटें बढ़ सकती हैं।

छत्तीसगढ़ में राहुल की पहली यात्रा

छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी की यह पहली यात्रा होगी। इससे पहले राहुल गांधी ने इसी साल भारत जोड़ो यात्रा की थी, लेकिन वो यात्रा मध्यप्रदेश से आगे बढ़ गई थी और छत्तीसगढ़ नहीं आई थी। इस बार यात्रा प्रदेश के 5 लोकसभा सीटों से होकर गुजरेगी।

14 जनवरी से शुरू होगी यात्रा

भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी 2024 से मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। इस दौरान यात्रा 14 राज्यों की 85 जिलों को कवर करेगी। राहुल गांधी बस और पैदल मिलाकर 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करेंगे।

यहां से गुजरेगी यात्रा

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने बुधवार को पार्टी हेडक्वार्टर में मीडिया को बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस पार्टी भारत न्याय यात्रा भी करेगी। यह मणिपुर से शुरू होकर नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।

मल्लिकार्जुन खड़गे न्याय यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। भारत न्याय यात्रा का मकसद आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है। इस यात्रा में राहुल युवाओं, महिलाओं और हाशिए पर पड़े लोगों से मुलाकात करेंगे। यात्रा के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जाएगा। यात्रा में कुछ छोटे हिस्से को रुक-रुक कर पैदल भी कवर किया जाएगा।

सियासी मकसद से ज्यादा राहुल के लुक और टी-शर्ट की चर्चा

राहुल के इस सफर में सियासत से ज्यादा उनका लुक चर्चा में रहा है। कन्याकुमारी में 7 सितंबर को यात्रा की शुरुआत के समय राहुल के चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी, लेकिन करीब 5 महीने बाद उनकी शक्ल पूरी तरह बदल चुकी थी। चेहरे पर घनी दाढ़ी थी, तो सिर के बाल भी बढ़े हुए थे। इधर, राहुल की सफेद टी-शर्ट भी चर्चा में रही, जिसे पहनकर वे कड़ाके की सर्दी में भी चलते नजर आए थे।

यह भी पढ़ें : पीएम मोदी की ‘सुनामी’ को कोई नहीं रोक सकता : तेजस्‍वी सूर्या

यह भी पढ़ें : अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी वंदे भारत 2.0, पीएम करेंगे 6 ट्रेनों का उद्घाटन