PM की मां पर टिप्पणी विवाद: BJP महिला मोर्चा आज काले कपड़ों में करेगी प्रदर्शन

सूत्रों के अनुसार, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को राजीव भवन में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा जैसा एक्शन लेगी, वैसा ही रिएक्शन मौके पर मिलेगा।

  • Written By:
  • Publish Date - September 2, 2025 / 12:12 PM IST

रायपुर: रायपुर में आज भाजपा महिला मोर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की मां के खिलाफ कथित अपशब्दों के विरोध में सड़कों पर उतरेगी। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता दोपहर 1 बजे बीटीआई मैदान में आमसभा करेंगी, जिसके बाद वे कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन का घेराव करेंगी। इस प्रदर्शन में महिलाएं काली साड़ी या काले कपड़ों में शामिल होकर विरोध दर्ज कराएंगी। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रैली में जनप्रतिनिधियों के अलावा सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं भी भाग लेंगी और काले रंग के प्रतीक पहनकर एकजुटता दिखाएंगी।

दूसरी ओर, भाजपा के इस प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस महिला विंग ने भी तैयारी कर ली है। सूत्रों के अनुसार, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को राजीव भवन में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा जैसा एक्शन लेगी, वैसा ही रिएक्शन मौके पर मिलेगा।

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को सबसे पहले उन लोगों का विरोध करना चाहिए, जिन्होंने विधवा महिलाओं और मातृ-शक्ति का अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि महिला को “50 करोड़ की गर्लफ्रेंड” कहने वाले पीएम मोदी पर सवाल उठना चाहिए, न कि कांग्रेस पर। कांग्रेस सभी महिलाओं का सम्मान करती है।