राजधानी रायपुर में होगा भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन, ‘मोर माटी, मोर मान’ थीम पर जुटेंगे दुनिया भर के छत्तीसगढ़वासी

By : hashtagu, Last Updated : February 28, 2026 | 5:40 am

रायपुर, 27 फरवरी 2026: राजधानी रायपुर में आगामी 27 और 28 मार्च को नवा रायपुर में भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन (Chhattisgariya sammelan) का आयोजन किया जाएगा। ‘मोर माटी, मोर मान’ की थीम पर आयोजित इस सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में विधानसभा स्थित समिति कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि रायपुर साहित्य महोत्सव की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़वासियों को राज्य से जोड़ने की यह पहल सराहनीय है। उन्होंने इसे राज्य और प्रवासी नागरिकों के लिए बेहतर अवसर बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रवासी छत्तीसगढ़वासियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को सम्मेलन के सफल आयोजन में सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विदेशों में अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रहे प्रवासियों को सम्मानित भी किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों द्वारा युवाओं के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिससे उन्हें करियर और कौशल विकास में लाभ मिलेगा।

सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रवासियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यदि कोई प्रवासी नागरिक किसी सेक्टर में निवेश या कार्य करने की सहमति देता है तो उसके साथ एमओयू भी किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे।

बैठक में छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह सचिव नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े, चंदन कुमार और संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: Pravasi Chhattisgarhiya Sammelan, Raipur News, Naya Raipur Event, Chhattisgarh Diaspora, Investment Summit, Mor Maati Mor Maan, CG Government News