बीजापुर: कौन बनेगा करोड़पति सीजन 17 को दूसरा करोड़पति मिल गया है और यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में तैनात एक CRPF अधिकारी ने हासिल की है। रांची निवासी और बीजापुर में पोस्टेड CRPF इंस्पेक्टर बिप्लव बिस्वास ने महज कुछ सेकंड में एक करोड़ रुपये का सवाल हल कर इतिहास रच दिया।
अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय शो में बिप्लव बिस्वास की तेज समझ और आत्मविश्वास ने सभी को हैरान कर दिया। फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट जीतकर उन्होंने हॉटसीट तक का सफर तय किया। शो की शुरुआत में ही उन्होंने अमिताभ बच्चन से गले मिलने की इच्छा जताई जिसे बिग बी ने खुशी खुशी स्वीकार किया।
खेल के दौरान बिप्लव ने पांच लाख रुपये तक के सभी सवाल बिना किसी लाइफलाइन के सही जवाब देकर पार किए। बारह लाख पचास हजार के सवाल पर उन्होंने ऑडियंस पोल का इस्तेमाल किया। पच्चीस लाख के सवाल में संकेतसूचक लाइफलाइन और पचास लाख के सवाल में फिफ्टी फिफ्टी का सहारा लिया।
जब एक करोड़ रुपये का सवाल आया तो बिप्लव का आत्मविश्वास देखते ही बनता था। सवाल सुनते ही उन्होंने कहा कि वे किसी का समय बर्बाद नहीं करेंगे और तुरंत ऑप्शन डी चुन लिया। उनका जवाब बिल्कुल सही निकला और कुछ ही सेकंड में वे करोड़पति बन गए। इस पल पर अमिताभ बच्चन भी अपनी हैरानी छुपा नहीं सके।
एक करोड़ रुपये का सवाल स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी को फ्रांस से अमेरिका ले जाने वाले जहाज के नाम से जुड़ा था। इसका सही जवाब इसेयर था। बिप्लव ने बताया कि उन्हें उस जहाज के स्टीयरमैन का नाम तक याद था।
खेल के दौरान बातचीत में बिप्लव ने नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनाती के अनुभव साझा किए। उन्होंने जंगलों में काम करने की चुनौतियों और अपने साथी जवानों के बलिदान का भावुक जिक्र किया जिसे सुनकर स्टूडियो में मौजूद दर्शक भी भावुक हो गए।
बिप्लव बिस्वास की असाधारण जानकारी और सादगी से प्रभावित होकर अमिताभ बच्चन ने उन्हें पूरे परिवार के साथ अपने घर डिनर पर आमंत्रित किया। एक करोड़ रुपये की इनामी राशि के साथ उन्हें एक कार भी दी गई है।
बिप्लव की इस सफलता ने न सिर्फ CRPF बल्कि पूरे बस्तर अंचल और देश को गौरवान्वित किया है। उनकी कहानी मेहनत आत्मविश्वास और ज्ञान की मिसाल बन गई है।