लाख कवायदें फिर भी BJP में असंतोष! क्यों दिए 100 कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा

छत्तीसगढ़ बीजेपी (Chhattisgarh BJP) प्रभारी ओम माथुर बस्तर समेत कई जिलों के दौरे कर रहे हैं। बड़े नेता संगठन को मजबूत करने का दावा कर रहे।.....

  • Written By:
  • Updated On - June 11, 2023 / 01:34 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी (Chhattisgarh BJP) प्रभारी ओम माथुर बस्तर समेत कई जिलों के दौरे कर रहे हैं। बड़े नेता संगठन को मजबूत करने का दावा कर रहे। मगर दूसरी ओर पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ता (Hundred Workers Party) पार्टी छोड़ रहे हैं। आपसी गुटबाजी के चलते पार्टी के अंदरूनी खेमे में विवाद के हालात हैं। बीते 5 दिनों के भीतर 200 से अधिक कार्यकर्ताओं ने या तो इस्तीफा दे दिया, या फिर बेहतर विकल्प की आस में कांग्रेस में चले गए। ऐसा ही रायपुर, बीजापुर और कांकेर में हुआ है।

रायपुर के विधानसभा इलाके में बतौर मंडल अध्यक्ष काम करने वाले रोबिन साहू को हटा दिया गया। उनकी जगह भरत सोनी को जिम्मा दिया गया। चर्चा है कि इस सियासी सर्जरी से पहले रोबिन से भी पार्टी के अन्य नेताओं ने कोई बात-चीत नहीं की। ऐसे में चहेतों को पद देने की बातें भी सामने आई हैं। नतीजा ये हुआ कि मण्डल पदाधिकारियों, मोर्चा प्रकोष्ठ के सभी अध्यक्ष महामंत्री सहित 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने अपने पद से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा- रोबिन साहू को हटाए जाने का कोई कारण नहीं था। बिना किसी नोटिस के अचानक उन्हें हटाने से पूरे धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के बीच ही टकराव के हालात हैं।

बीजापुर में भाजपाई छोड़ रहे पार्टी

बीजापुर से कांग्रेस के विधायक विक्रम मंडावी ने बीते 5 दिनों में 120 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई है। विक्रम मंडावी ने बताया कि भोपाल पटनम ब्लॉक के ग्राम पंचायत सन्द्रपल्ली के लगभग 100 भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्राम पंचायत एरमनार से 20 भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की भूपेश सरकार की रीति-नीति एवं कार्य शैली से प्रभावित होकर कांग्रेस जॉइन की है।

कांकेर में भी कार्यकर्ता दे चुके हैं इस्तीफा

पिछले महीने 10 मई को कांकेर से खबर आई कि नरहरपुर मंडल अध्यक्ष दिनेश नागदौने को अचानक उनके पद से मुक्त कर दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ता और मंडल के पदाधिकारियों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद नेताओं में आपसी विवाद भी गहराया।

प्रेशर पॉलिटिक्स भी

पार्टी के सूत्रों के मुताबिक कार्यकर्ताओं में नाराजगी अब उभरकर सामने आ ही रही है, दूसरी ओर इस्तीफा देना और कांग्रेस में चले जाना कार्यकर्ताओं की प्रेशर पॉलिटिक्स का हिस्सा भी है। पद या अहम जिम्मा मिले इस आस में कार्यकर्ता बड़े नेताओं पर इस तरह के दबाव बनाते हैं।

हाल ही में नई नियुक्तियां

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बिलासपुर के युवा नेता सुशांत शुक्ला को भारतीय जनता युवा मोर्चा का सह प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है अरुण साव के द्वारा सुशांत शुक्ला के अलावा वैभव बैस को भी भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश सह प्रभारी नियुक्त किया है। रायपुर ग्रामीण में भी नए सिरे से टीम बनाई जा रही है।

यह भी पढ़ें : Chhattisgarh : चुनावी व्यूह रचना में जुटा BJP का शीर्ष नेतृत्व!