BJP की रैली में पानी के लिए तरसीं ‘महतारियां’

BJP की महतारी हुंकार रैली में आईं बुजुर्ग महिलाएं दोपहर से लेकर शाम तक भूखी-प्यासी भटकतीं रहीं। महिलाओं को नेताओं ने रैली में खाना खिलाने का दावा तो किया।

  • Written By:
  • Publish Date - November 12, 2022 / 03:47 PM IST

BJP की महतारी हुंकार रैली में आईं बुजुर्ग महिलाएं दोपहर से लेकर शाम तक भूखी-प्यासी भटकतीं रहीं। महिलाओं को नेताओं ने रैली में खाना खिलाने का दावा तो किया। लेकिन, महतारियों की माने तो उन्हें पानी तक नहीं दिया गया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी रैली के बाद जब मंच पर भाषण दे रहीं थीं, उसी समय रैली से निकलकर महिलाएं भोजन की तलाश में पैदल निकल पड़ीं।

प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक है। जाहिर है कि सत्ता पक्ष के साथ ही प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। शुक्रवार को भाजपा ने महतारी हुंकार रैली निकालकर चुनाव की तैयारी का शंखनाद भी कर दिया। इस रैली में प्रदेश भर से 50 हजार से अधिक महिलाओं की भीड़ जुटने का दावा किया। लेकिन, इस भीड़ को जुटाने भाजपा नेताओं ने कैसे-कैसे हथकंडे अपनाए। यह कहानी भी रैली में शामिल होने आईं महिलाओं ने बताया।

रैली में शामिल होने के लिए जांजगीर-चांपा जिले से भी महिलाओं का एक दल भटकता मिला। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनकी गाड़ी को तोरवा में रोक दिया था, जिसके बाद वे पैदल रैली में शामिल होने जा रहीं थीं। लेकिन, रैली आगे निकल गई थी। इसके चलते उन्हें भटकना पड़ा। भीड़ देखकर महिलाएं सभा स्थल भी नहीं जा पाईं और जूना बिलासपुर के पास वापस जाती मिलीं।