खुद की दलीलों में फंसे ‘मेयर ढेबर’! अब हो रही सोशल मीडिया में फजीहत-BJP को मिला बड़ा सियासी हथियार

By : hashtagu, Last Updated : May 15, 2024 | 2:28 pm

मेयर एजाज ने कहा-मैं क्या पीएम मोदी भी दूर नहीं कर सकते शहर की समस्याएं! इधर बीजेपी बोली, अपनी कुसी भाजपा पार्षदों को दे दीजिए

रायपुर। कभी-कभी किसी भी बातों के दलीलों के मायने भी सियासी बवाल खड़ा कर देते हैं। महापौर एजाज ढेबर (Mayor Ajaz Dhebar) ने कहा है कि शहर की समस्याओं का निदान PM नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) भी नहीं कर सकते। इस बयान के बाद वे भाजपा के निशाने पर हैं। मंगलवार को शहर की समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि वार्डों में जो समस्या है, वह मेरे ख्याल से अगर यहां पर पीएम साहब को भी बैठा देंगे ना तो भी यह परेशानी रहेगी ही।

Amit Chimnani 2

मेयर के इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। भाजपा के अकाउंट से पोस्ट हुआ- महापौर जी अपनी कुर्सी किसी भाजपा पार्षद को दे दीजिए। बीजेपी नेता अमित चिमनानी ने लिखा- ये बयान रायपुर की जनता के साथ हुए धोखे का प्रमाण है। यानी कुल मिलाकर अब मेयर के बयान से लगता है कि वे शहर की समस्याओं को सुधारते-सुधारते थक चुके हैं और हालात से समझौता कर समस्याअों के निदाने के लिए अपना हथियार गिरा चुके हैं।

मेयर बोले- पानी, साफ-सफाई लाइट…यह समस्या अनवरत रहेगी

महापौर ने शहर की समस्या को लेकर आगे कहा कि यह अनवरत है। आपको मानना पड़ेगा कि पानी, साफ-सफाई, लाइट…यह समस्या अनवरत रहेगी। इसको कोई खत्म नहीं कर सकता। मैं दावे से बोल सकता हूं। यह समस्याएं खत्म होंगी तो नगर निगम के डिपार्टमेंट ही खत्म हो जाएंगे।

लोगों के जन्म से लेकर मरण तक के काम नगर निगम करता है। आपको यह बात माननी पड़ेगी कि यह अनवरत है। यह नहीं बोल सकते कि हंड्रेड परसेंट सब काम पूरे हो जाएंगे। यह समस्या नगर निगम में कभी खत्म नहीं हो सकती।

बीजेपी बोली- महापौर जी अपनी कुर्सी किसी भाजपा पार्षद को दे दीजिए

प्रदेश भाजपा की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए एक पोस्ट में कहा गया कि महापौर जी आपकी कुर्सी किसी भाजपा पार्षद को दे दीजिए। भाजपा के मीडिया विभाग प्रमुख अमित चिमनानी ने लिखा- महापौर जी, समस्या बनी रहेगी, तो आपका काम क्या है फिर।

मोदी राज में देश चमक रहा है, लेकिन रायपुर में आप लाइट, सफाई की समस्या पर हाथ खड़े कर रहे हैं। चिमनानी ने लिखा- ये बयान रायपुर की जनता से हुए धोखे का प्रमाण है। पीएम साहब के आशीर्वाद से भाजपा का महापौर इस समस्या से जनता को निजात जरूर दिलाएगा।

यह भी पढ़ें : संयुक्त पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी : एक इनामी सहित 5 नक्सली गिरफ्तार