रायपुर में जमा होली का रंग-मुख्यमंत्री और महापौर रहे संग

By : hashtagu, Last Updated : March 7, 2023 | 10:53 pm

रायपुर नगर निगम के महापौर एजाज़ ढेबर (Ejaz Dhebar) ने मंगलवार की शाम शहर के सुभाष स्टेडियम में होली मिलन का आयोजन किया। यहां पहुंचे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को महापौर ने गुलाल का तिलक लगाकर स्वागत किया। यह गुलाल रायपुर के गोठान में महिला स्व-सहायता समूहों ने गोबर और हर्बल रंगों से तैयार किया गया था।

इस अवसर पर सबने रंगों वाली होली का लुत्फ उठाया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘होली रंगों और खुशियों का त्यौहार है। पुराने गिले-शिकवे भुलाकर सभी इस त्यौहार को मिल-जुलकर मनाते हैं, तभी जीवन में खुशियों के रंग चढ़ते हैं।’

महापौर एजाज़ के इस होली मिलन में पूरे शहर के बड़े नेताओं का जमावड़ा रहा। सभी नेता रंगों में सराबोर खूब हंसी मजाक करते दिखाई दिये। महापौर एजाज़ ढेबर, विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, निगम सभपति प्रमोद दुबे और नगर निगम के सभी पदाधिकारी होली के गानों में थिरकते हुए भी दिखाई दिये। इस दौरान गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राम सुंदर दास भी उपस्थित रहे।

इस रंगारंग समारोह के दौरान महापौर एजाज़ ढेबर ने होली के पर्व पर शहर की साफ-सफाई और पानी आपूर्ति की व्यवस्था को सुचारू रखने का आश्वासन दिया।