सदस्यता अभियान : टॉरगेट के मापदंड पर सीएम से लेकर मंत्री तक, आज जेपी नड्डा लेंगे फीडबैक

By : hashtagu, Last Updated : September 26, 2024 | 7:59 am

रायपुर। लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद भाजपा (BJP) अब मजबूत और सशक्त सदस्यों की फौज खड़ी करने की राह पर बढ़ चली है। इसके मद्देनजर पूरे देश ही नहीं छत्तीसगढ़ में भी भाजपा का सदस्यता अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। छत्तीसगढ़ में 30 लाख नए सदस्यों को जोडऩे का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक भाजपा के सदस्यता अभियान की प्रगति रिपोर्ट लेने के लिए गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रायपुर एकदिवसीय दौर पर आ रहे हैं।

वैसे अभी तक भाजपा का दावा है कि 19 लाख सदस्य बनाए जा चुके हैं। इसकी दिल्ली में सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित भाजपा सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी संभालने वाले पदाधिकारियों की समीक्षा हुई थी, जहां छत्तीसगढ़ की प्रगति पर जमकर सराहना भी हुई। इसके अलावा प्रदेश की भाजपा सदस्यता अभियान की प्रभारी विजया राहेटकर ने बिंदुवार समीक्षा के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश भी दी थी। इसके बाद भाजपा ने अपने सदस्यता अभियान में लक्ष्य को अधिक से अधिक हासिल करने के लिए 25 सितंबर को खास बनाने जा रही है। इसमें मुख्यमंत्री व मंत्री लेकर पदाधिकारी तक मोर बूथ मोर अभियान के तहत प्रदेशभर के जिलों में बूथों में विशेष कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

सियासी गलियारे में ये है चर्चा

भाजपा की उक्त गतिविधियों को देखते हुए सियासी गलियारे में चर्चा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व यह देखने की कोशिश करेगा कि किस मंत्री या विधायक और पदाधिकारी ने अपने क्षेत्र में कितनी संख्या में सदस्य बनाए हैं। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि ज्यादा सदस्य बनाने वाले मंत्री और पदाधिकारी पुरस्कृत भी हो सकते हैं। इसमें खराब प्रदर्शन करने वालों की पार्टी में उनकी भूमिका पर विचार किया जा सकता है।

इन नेताओं को यहां जिम्मेदारी

उपमुख्यमंत्री अरूण साव लोरमी उत्तर के तुलसाघाट बूथ व उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा शहर के बूथ क्र. 234 पर पहुंचे। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय दुर्ग शहर के बूथ क्र.173 व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विधायक लता उसेंडी बूथ मसोरा-2 में। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भनपुरी मंडल के बूथ-175 प्रगति नगर पर मौजूद रहे।
इस अभियान में मंत्री रामविचार नेताम डौरा के लुरंगी फत्तेपुर, मंत्री दयालदाय बघेल नवागढ़ के नौदल बूथ, मंत्री ओपी चौधरी कोड़ातराई के बूथ क्र. 159, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े लटोरी के मरीप बूथ में, मंत्री लखनलाल देवांगन कोरबा के 183 बूथ में, मंत्री टंकराम वर्मा बलौदाबाजार ग्रामीण बूथ 139 में शामिल रहे। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव शंकर नगर के बूथ-70, प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा एमबी नगर राजनांदगांव बूथ- 64-65 में व प्रदेश महामंत्री रामू रोहरा धमतरी शहर बूथ-171 में शामिल रहे। संभाग प्रभारी दुर्ग भुपेन्द्र सवन्नी बिल्हा के बूथ 171, रायपुर संभाग प्रभारी सौरभ सिंह अकलतरा के बूथ-153, सरगुजा के संभाग प्रभारी राजा पाण्डेय बेलतरा के बूथ-208 व बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह बेलतरा मध्य बूथ 197, सहप्रभारी रायपुर संभाग जगन्नाथ पाणिग्रही सरिया के भिखमपुरा में शामिल रहे।