चुनाव के वक्त मंत्री TS बाबा खोलेंगे राज!, जानें, क्या बोले

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव (TS Singhdev) ने एक बार फिर सफाई दी है कि सीएम बनाना हाईकमान का काम है।

  • Written By:
  • Publish Date - December 21, 2022 / 04:03 PM IST

छत्तीसगढ़। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव (TS Singhdev) ने एक बार फिर सफाई दी है कि सीएम बनाना हाईकमान का काम है। लेकिन इतना तय है कि भविष्य में चुनाव के समय फैसला लूंगा क्या करना है। उन्होंने सूरजपुर (Surajpur)  में मीडिया से कहा कि कोई भी अपने से मुख्यमंत्री नहीं बनता, न ही बन सकता है। इसकी एक प्रक्रिया होती है। सब कुछ हाईकमान पर है वह जैसा निर्णय करे। कार्यकर्ताओं की बात को लेकर एक सवाल पर सिंहदेव ने कहा, वे चुनाव से पहले अपने भविष्य को लेकर कोई निर्णय लेंगे।

इस दौरान सवाल हुआ कि यहां के कार्यकर्ता आप को मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं। अगले साल चुनाव है। ऐसे में इन कार्यकर्ताओं को कैसे मनाएंगे। जवाब में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा, यह तो कार्यकर्ताओं पर है कि वे किस बात को लेकर काम करना चाहेंगे।

बोले, भविष्य तो सबका अनिश्चित रहता है

चुनाव के पहले आते तक मैं अपने भविष्य को लेकर निर्णय लूंगा। मैंने अभी इसके बारे में सोचा नहीं है। बाद में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा, भविष्य तो सबका अनिश्चित रहता है। आगे क्या निर्णय करना है, समय आने पर फैसला होता है। यहां मुख्यमंत्री की चर्चा होती रही है। वह तो है ही।

मैंने हमेशा कहा है और भूपेश जी ने भी कहा है कि वह हाईकमान के ऊपर रहता है। वह जैसा निर्णय करे। हम या भूपेश या दूसरा-तीसरा कोई भी अपने से मुख्यमंत्री नहीं बनता, ना ही बन सकता है, किसी भी दल में। वह हमारी प्रक्रिया होती है। एक प्रोटोकॉल है उस नाते तय होता है कि मुख्यमंत्री किसे बनना है। यह एक अलग बात होगी। कभी-कभी कुछ बातें ऐसी होती हैं जो नहीं होनी चाहिए लेकिन हो जाती हैं।

भाजपा को दी नसीहत, उन्हें अपना घर देखना चाहिए

उन्होंने कहा, बीजेपी वाले इसे अपने दृष्टिकोण से देखते हैं। उन्हें लगता है कहीं आग लगी है हवा दे दो। उनको इन सब से परहेज कर अपने काम पर ध्यान देना चाहिए। बीजेपी अपने काम को देखे, अपने काम को मजबूत करें। पिछली बार जो अप्रत्याशित स्थिति हुई उनके १५ विधायक ही जीत कर आ सके। मैंने भी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। आज तो १४ ही विधायक बचे हैं। इस स्थिति में उनका पूरा ध्यान उस तरफ होना चाहिए, दूसरे के घर में नहीं। मैं तो सलाह ही दे सकता हूं। बाकी उनकी जैसी इच्छा।

मुख्यमंत्री बोले, सभी अपने कार्यकर्ताओं से पूछकर निर्णय करते हैं

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बयान पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी सवाल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा, सभी चुनाव लड़ने से पहले अपने कार्यकर्ताओं से पूछते हैं। बाबा साहब (टीएस सिंहदेव) ने गलत क्या कहा है? मैं भी चुनाव लड़ूंगा तब कार्यकर्ताओं से पूछूंगा कि लड़ूं या नहीं। सहयोग दोगे या नहीं। यह बहुत स्वाभाविक बात है। सीएम ने मीडिया से कहा, कि उन्होंने (सिंहदेव) कहा फैसला लूंगा, भविष्य के बारे में, चुनाव लड़ने के बारे में। इसे जबरजस्ती घुमाया जा रहा है।