छत्तीसगढ़ में मारा गया 8 लाख का इनामी नक्सली

By : hashtagu, Last Updated : October 17, 2023 | 5:05 pm

रायपुर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान नक्सली (Naxalite) गतिविधियां बढ़ाने की लगातार आशंका है और ऐसा होता नजर भी आ रहा है। इसी के चलते बीजापुर के जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एक आठ लाख का इनाम नक्सली मारा गया है। उसके पास से एके-47 राइफल भी बरामद हुई है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के बीजापुर इलाके के मददेड़ थाना क्षेत्र के बंदेपुरा गांव के जंगल में नक्सलियों का शिविर होने की सूचना सुरक्षा बलों को मिली। सुरक्षा बल के जवान तलाशी अभियान में लगे थे तभी उनकी नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। एक तरफ सुरक्षा बल के जवान थे तो दूसरी ओर नक्सलियों का दल भी था।

दोनों ओर से गोलीबारी हुई और नक्सली जंगल में भाग गए। बाद में तलाशी अभियान चलाया गया तो एक नक्सली का शव मिला है, जिसकी पहचान नागेश के तौर पर हुई है और उसके पास से एके-47 राइफल भी बरामद की गई है। उस पर आठ लाख का इनाम था और वह एरिया कमेटी का सचिव भी था।

इस मुठभेड़ के बाद जीआरजी, बस्तर फाइटर, एसटीएफ, केंदीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों का दल तलाशी अभियान में लगा हुआ है। इस मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों के होने की संभावना जताई जा रही है।