छत्तीसगढ़ को नया राज्यपाल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया बड़ा फेरबदल

By : hashtagu, Last Updated : July 28, 2024 | 12:06 pm

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के राज्यपालों की नई नियुक्तियों की घोषणा की है। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल के रूप में रमन डेका (Rmaan Deka) की नियुक्ति की गई है।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रपति ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उनकी जगह गुलाब चंद कटारिया को नियुक्त किया गया है, जो वर्तमान में असम के राज्यपाल हैं।

सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अब असम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है और मणिपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सिक्किम का नया राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर होंगे।

महाराष्ट्र में सी.पी. राधाकृष्णन को नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि झारखंड के नए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे। तेलंगाना का नया राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा नियुक्त किया गया है।

राजस्थान के राज्यपाल के रूप में हरिभाऊ किशनराव बाग्डे की नियुक्ति की गई है, और मेघालय के राज्यपाल के रूप में सी.एच. विजयशंकर को नियुक्त किया गया है। पुडुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में के. कैलाशनाथ की नियुक्ति की गई है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि ये सभी नियुक्तियां संबंधित व्यक्तियों के कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी।