आज किसानों के खातों में आएगी PM सम्मान निधि की 21वीं किस्त, धमतरी में कार्यक्रम में शामिल होंगे शिवराज

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह धमतरी जिले के एकलव्य खेल मैदान परिसर में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

  • Written By:
  • Publish Date - November 19, 2025 / 09:43 AM IST

धमतरी, छत्तीसगढ़: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) की 21वीं किस्त आज 19 नवंबर को किसानों के खातों में जमा होने जा रही है। छत्तीसगढ़ के 24 लाख 17 हजार से अधिक किसानों को कुल 494 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि सीधे बैंक खातों में मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर रिमोट के माध्यम से देशभर के पात्र किसानों को यह किस्त जारी करेंगे।

राज्य स्तरीय मुख्य समारोह धमतरी जिले के एकलव्य खेल मैदान परिसर में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे। मुख्य अतिथियों का आगमन दोपहर 12:30 बजे निर्धारित है।

समारोह में मिलने वाली अन्य सौगातें
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे और कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात देंगे।

  • प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना 4-K के अंतर्गत 2242 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 2442 किलोमीटर की 774 सड़कों के निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा।

  • वाटरशेड कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय वाटरशेड महोत्सव का शुभारंभ होगा।

  • विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन रिमोट के जरिए किया जाएगा।

  • राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 17357 समूहों को 286 करोड़ रुपये की चक्रीय निधि वितरित की जाएगी।

  • उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल पर कृषि से जुड़े विभागों की राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाए गए हैं। वाटरशेड कार्यों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।