प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल: छत्तीसगढ़ को विकास की नई रफ्तार मिली – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीति की कार्यशैली को पूरी तरह बदल दिया है।

  • Written By:
  • Publish Date - May 27, 2026 / 08:06 PM IST

रायपुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित सफल 12 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व (Visionary Leadership), जनकेंद्रित सोच (People-Centric Approach) और निर्णायक फैसलों के कारण भारत आज विकास, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की प्रशासनिक व्यवस्था और राजनीति की कार्यशैली को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने शासन व्यवस्था में ‘अंत्योदय’ की भावना को सबसे ऊपर रखा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, किसान, महिलाएं, युवा, वंचित वर्ग और जनजातीय समाज के जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आया है, वह आज पूरे देश में साफ दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और आधुनिक बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत अभियान और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत @2047’ अब केवल सरकारी लक्ष्य नहीं बल्कि देशवासियों का जनआंदोलन बन चुका है।

छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन राज्य के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने कहा कि बस्तर और सुदूर वनांचल क्षेत्रों, जो वर्षों तक नक्सलवाद और हिंसा से प्रभावित रहे, वहां अब विकास की नई सुबह दिखाई दे रही है। इन क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी और बैंकिंग सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीण और जनजातीय परिवारों तक पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। इन योजनाओं ने लोगों में आत्मविश्वास और सम्मान की भावना को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को केवल नारा नहीं रहने दिया बल्कि उसे शासन की मूल सोच बनाया। उनके नेतृत्व में देश आर्थिक मजबूती के साथ सांस्कृतिक आत्मगौरव, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।