बिलासपुर/रायपुर: राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर शुक्रवार को बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भगवान बिरसा मुंडा (Birsa Munda) की 150वीं जयंती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, बलिदान और सम्मान से भरा है, लेकिन उन्हें इतिहास में वह स्थान नहीं मिला जिसके वे अधिकारी थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने और सम्मान दिलाने का काम लगातार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिलासपुर शहर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी और शहर के एक प्रमुख चौक का नाम भी उनके नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर किया जाएगा। उन्होंने जनजातीय छात्र-छात्राओं के लिए 300 और 200 सीटों वाले आधुनिक पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास बनाने की भी घोषणा की। कोटा ब्लॉक में जनजातीय समाज के लिए सामुदायिक भवन के निर्माण की भी स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर पूरे देश में गर्व और स्वाभिमान की नई चेतना जगाई है। उन्होंने जबलपुर में रानी दुर्गावती संग्रहालय और रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह ट्राइबल म्यूजियम को समर्पित कर जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मानित किया। यह संग्रहालय डिजिटल रूप में भी उपलब्ध है ताकि युवा पीढ़ी अपने इतिहास से परिचित हो सके।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर जनजातीय समाज को नई पहचान दी और आदिम जाति कल्याण मंत्रालय की स्थापना कर विशेष बजट की व्यवस्था सुनिश्चित की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत 6,600 से अधिक गांवों में करीब 80 हजार करोड़ से अधिक की राशि से तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना के तहत सड़क, आवास और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम में बिलासपुर जिले में 329 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। जनजातीय समाज के मेधावी विद्यार्थियों, सांस्कृतिक कलाकारों, समाजसेवियों और स्केच आर्टिस्ट दीपिका ध्रुव को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने समाज के जनप्रतिनिधियों की मांगों पर चर्चा कर समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के लिए यह गौरव का दिन है, जब जिले को 329 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। उन्होंने बिरसा मुंडा को स्वतंत्रता आंदोलन का महानायक बताते हुए नवा रायपुर स्थित ट्राइबल म्यूजियम देखने की अपील की।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जनजातीय समाज के प्रमुख सदस्य मौजूद रहे।