नक्सली वसूली पर सियासी घमासान: बघेल के आरोप, BJP का पलटवार

By : dineshakula, Last Updated : November 26, 2025 | 12:04 am

रायपुर | छत्तीसगढ़ में नक्सली एनकाउंटर (naxal encounter) और सरेंडर के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर नक्सलियों को संरक्षण और पैसा देने का आरोप लगाया है। बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के समय नक्सली सीधे एकात्म परिसर और मंत्रियों के दफ्तर तक वसूली करने आते थे। उन्होंने दावा किया कि पूर्व गृहमंत्री के पास तो नक्सलियों को 1 लाख रुपए देने की रसीद तक मौजूद थी।

भूपेश बघेल ने कहा कि उनके पार्टी के कई नेता नक्सलियों से लड़ते हुए शहीद हुए हैं, लेकिन भाजपा आज उल्टा कांग्रेस पर उंगली उठा रही है। उनके बयान के बाद भाजपा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस खुद नक्सलियों के करीब रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस नक्सलियों की फूफा है, पूरा कुनबा एक ही गोतियार है।”

इस बीच, यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रीति मांझी द्वारा इंस्टाग्राम पर नक्सली हिड़मा की फोटो साझा कर “लाल सलाम कॉमरेड” लिखने का विवाद भी गर्म है। पोस्ट हटाने के बाद भी स्क्रीनशॉट वायरल होते रहे। कांग्रेस ने इसे उनका निजी मामला बताया और जांच कमेटी बनाते हुए प्रीति मांझी को पद से दूर कर दिया है। मांझी ने सफाई दी कि उनकी स्टोरी का गलत मतलब निकाला गया।

नक्सली हिड़मा 18 नवंबर को छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर एनकाउंटर में मारा गया था। वह नक्सल संगठन की सेंट्रल कमेटी का सदस्य और फ्रंटलाइन टीम का कमांडर था। उस पर 1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित था।