छत्तीसगढ़ के चुनावी रण में ‘राहुल गांधी’ के दौरे के सियासी मायने!

By : hashtagu, Last Updated : October 28, 2023 | 12:53 pm

रायपुर। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) शनिवार को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे (Chhattisgarh tour) पर आ रहे हैं। वे 11.45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से पहले भानुप्रतापपुर जाएंगे, दोपहर 1 बजे सभा को संबोधित करेंगे। फिर कोंडागांव के फरसगांव में 2.30 बजे उनकी आम सभा होगी। राहुल शाम करीब 7 बजे रायपुर लौटेंगे। 10 महीने में उनका ये चौथा छत्तीसगढ़ दौरा है।

दूसरे दिन राहुल गांधी रविवार 29 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे राजनांदगांव और दोपहर 2.50 बजे कवर्धा में जन सभा को संबोधित करेंगे। यहां वो कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। जनसभाओं में नई चुनावी घोषणाएं कर सकते हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 अक्टूबर को दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस नामांकन रैली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शामिल होंगी।

4 सीटों पर राहुल की जनसभाएं

राहुल गांधी पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। श​निवार को वे बस्तर संभाग में रहेंगे। इस दौरान वो कोंडागांव के फरसगांव और कांकेर के भानुप्रतापपुर में सभा को संबोधित करेंगे। वहीं, अगले दिन यानी रविवार 29 अक्टूबर को राहुल गांधी कवर्धा और राजनांदगांव में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

राहुल कर सकते हैं ये चुनावी घोषणाएं

संभावना है कि राहुल गांधी राजनांदगांव की सभा में नई चुनावी घोषणाएं भी कर सकते हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी पेट्रोल-डीजल पर अपने हिस्से का टैक्स और रसोई गैस की कीमत कम करने का ऐलान कर सकती है। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा की रकम बढ़ाने और महिलाओं को हर साल नगद रकम देने का वादा भी कांग्रेस कर सकती है।

2018 में की थी किसान कर्ज माफी की घोषणा

2018 के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने किसानों के लिए कर्ज माफी की घोषणा की थी। राहुल ने कहा था कि सरकार बनने के 10 दिन के भीतर कांग्रेस पार्टी प्रदेश के किसानों का कर्जा माफ करेगी। ये घोषणा कांग्रेस के लिए गेम चेंजर साबित हुई थी। सरकार बनने के बाद कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में किसानों की कर्जमाफी के वादे को पूरा किया था।

इस साल 3 बार छत्तीसगढ़ आ चुके हैं राहुल

चुनावी साल में राहुल गांधी चौथी बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इससे पहले वो तीन बार प्रदेश आ चुके हैं। 25 फरवरी को नवा रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन, 2 सितंबर को युवा मितान सम्मलेन और 25 सितंबर को बिलासपुर में आयोजित आवास न्याय सम्मलेन में शामिल हुए थे।

प्रियंका ने किया है आवास का वादा

प्रियंका गांधी ने कांकेर में पंचायती राज सम्मेलन के दौरान 10 लाख लोगों को आवास देने की घोषणा की थी। प्रियंका ने कहा था- पांच साल और इस सरकार को मौका दीजिए। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार फिर से आएगी तो 10 लाख आवास गरीबों को दिए जाएंगे। यहां ​इतना विकास हो रहा कि यहां से लोगों को कहीं नहीं जाना पड़ेगा, लोग यहां आएंगे।

कांग्रेस ने अब तक की हैं 4 घोषणाएं

कांग्रेस पार्टी ने अब तक कुल 4 प्रमुख घोषणाएं की है। कांग्रेस का वादा है कि सरकार बनने के बाद जातिगत जनगणना कराई जाएगी, MSP पर इस बार 20 क्विंटल धान प्रति एकड़ की दर से खरीदा जाएगा, साढ़े 17 लाख लोगों को आवास दिए जाएंगे और 2018 की तर्ज पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : भाजपा ने पूर्व सीएम उमा भारती को नहीं बनाया एमपी के लिए स्टार प्रचारक

यह भी पढ़ें : रणबीर कपूर स्टारर ‘एनिमल’ : बिखरते रोमांस का दर्द बयां करता है ट्रैक ‘सतरंगा रे’