political story : BJP का लोस चुनाव में ‘लाभार्थी परिवारों’ पर दांव! पार्टी के 36 विभागों की बनी रणनीति

By : hashtagu, Last Updated : March 6, 2024 | 2:38 pm

  • भाजपा चुनाव प्रबंधन समेत 36 विभागों की बैठक:प्रदेश के 40 लाख लाभार्थी परिवारों तक पहुंचने बनी कार्ययोजना, 14 को चलेगा विशेष अभियान
  • रायपुर। लोकसभा चुनाव की कार्ययोजना (BJP Lok Sabha election action plan) बनाने के लिए भाजपा ने मंगलवार को चुनाव प्रबंधन समिति (Election Management Committee) समेत अन्य समितियों की मैराथन बैठक हुई। प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रबंधन समिति की पहली बैठक हुई। बैठकों का सिलसिला देर रात तक चला। इस दौरान 36 विभागों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

    • साथ ही प्रदेश के 40 लाख लाभार्थी परिवारों (40 lakh beneficiary families) तक पहुंचने की रणनीति बनी। साथ ही 14 मार्च को इस संबंध में प्रदेश में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि योजना बनाने के साथ ही उसका समय से क्रियान्वयन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतेगी इसलिए इस समिति की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। आप सभी को योजनाओं को बनाने के साथ- साथ उसके समय पर क्रियान्वयन पर ध्यान देना है। भाजपा द्वारा गठित 36 विभागों (36 Departments formed) की कार्ययोजना पर नबीन ने कहा कि विभागों में आपसी समन्वय होना एक अनिवार्यता है।

    लोकसभा चुनाव के लिए कमर कसकर परिश्रम करने के लिए तैयार हो जाएं। पदाधिकारी व कार्यकर्ता चुनावी प्रबंधन में कोई कसर बाकी नहीं रखें और सभी 11 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाने के लिए कृत-संकल्पित हों। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, संगठन महामंत्री पवन साय और चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक शिवरतन शर्मा ने विस्तार से मार्गदर्शन किया।

    • इन प्रमुख विभागों की हुई बैठक

    चुनाव प्रबंधन समिति क साथ ही 36 विभागों में चुनाव कार्यालय प्रबंधन, मुख्य चुनाव कार्यालय कोऑर्डिनेशन, अतिथि विभाग, मीडिया विभाग, मीडिया संपर्क विभाग, सोशल मीडिया, साहित्य सामग्री निर्माण, प्रवास वीडियो, डिजिटल विभाग, संकल्प पत्र, झुग्गी झोपड़ी अभियान, सामाजिक संपर्क अभियान आदि प्रमुख हैं।

    प्रबंधन समिति के संयोजक शिवरतन शर्मा व प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को इन विभागों की कार्ययोजना पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

    समितियों की दिक्कतों को दूर करने के टिप्स भी

    अजय जम्वाल ने समितियों से सुझाव लिए और आने वाली दिक्कतों से पार पाने के उपाय भी बताए। इसी चुनाव प्रबंधन समिति ने विधानसभा चुनाव का काम संभाला था, उसमें काफी सफलता भी मिली थी। उस दौरान जो कमियां रह गई थीं, उन्हें दूर करके अब चुनाव में सभी 11 सीटें भाजपा की झोली में डालनी है।

    हर लोकसभा में कॉल सेंटर विस्तारक योजना

    शिवरतन शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लाभार्थी परिवारों की संख्या 40 लाख से भी ज्यादा है। अभियान में सभी परिवारों से मिलकर उन्हें प्रधानमंत्री जी का पत्र सौंपना है। यह कार्य मंडल से बूथ इकाई अध्यक्ष तक सभी करेंगे। 14 मार्च को विशेष अभियान चलाया जाएगा।

    प्रत्येक लोकसभा में कॉल सेंटर विस्तारक योजना के अलावा विशिष्ट दिनों के लिए विशिष्ट कार्ययोजना बनेगी। पार्टी ने इस बार सभी सीटों पर भाजपा को जिताने का संकल्प लिया है। प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी है कि वह इस संकल्प को साकार करे।

    साय 13 को सीएम हाउस में होगे शिफ्ट

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 मार्च को सीएम हाउस में शिफ्ट हो जाएंगे। भाजपा सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री साय ने अपने आवास में जाने से पहले छत्तीसगढ़ के आवासहीन लोगों को आवास दिलाने का संकल्प व्यक्त किया था, जिसके लिए सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट में वादे को निभाया।

    यह भी पढ़ें : पुलिस कालोनी में ही ‘पुलिस वाले’ के पत्नी की हत्या! कमरे में ताला लगाकर हत्यारा फरार…