कर्नाटक चुनाव में BJP के STAR ‘प्रचारक’ होंगे ‘रमन-अरुण-चंद्राकर’!

By : madhukar dubey, Last Updated : April 24, 2023 | 7:34 pm

रायपुर। कर्नाटक विधानसभा (Karnataka Legislative Assembly) का चुनावी बिगुल बज चुका है। 10 मई को वहां चुनाव होने वाले हैं। छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की ओर से स्टार प्रचारकों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नाम सबसे पहले आ गया था। लेकिन कर्नाटक चुनाव में प्रचार के लिए किसी बीजेपी नेता का नाम नहीं था। ऐसे में सियासी बयानबाजियां भी हुईं। लेकिन आज बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की तो इसमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह (Raman Singh), बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव और अजय चंद्राकर का नाम आया।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह 25 और 26 अप्रैल को कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए बेंगलुरु विधानसभा की बोमनहल्ली सीट पर प्रचार के लिए पहुंचेंगे। यहां पिछले 3 बार के विधायक भाजपा प्रत्याशी सतीश रेड्डी एम. के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे इसके साथ ही विगत 5 वर्षों में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर पत्रकार वार्ता में चर्चा करेंगे।

दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष अरुण साव और अजय चंद्राकर चुनाव प्रचार के लिए कर्नाटक रवाना हो गए हैं। अरुण साव कर्नाटक के अरसीकेरा विधानसभा में प्रचार करेंगे तो वहीं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर नागामंगला विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगेंगे। पूर्व मुखयमंती डॉ रमन सिंह आज शाम को कर्नाटक के लिए रवाना होंगे।