छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण का मतदान आज : EVM में कैद होगी दिग्गजों की किस्मत

By : hashtagu, Last Updated : November 17, 2023 | 7:43 am

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में 70 सीटों (70 Seats in the second phase) पर शुक्रवार को मतदान है । 69 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और 1 नक्सल प्रभावित सीट बिंद्रानवागढ़ पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू (Voting begins) हो गए हैं जो 3 बजे तक होंगे। इस चरण में कई हाई प्रोफाइल सीटें भी हैं। सीएम भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत सहित 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।

  • भाजपा से प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव सहित 4 सांसद और 10 विधायक भी चुनावी मैदान में हैं। JCCJ प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी और उनकी मां व विधायक रेणु जोगी भी चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरे चरण में 958 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पहले चरण में 20 सीटों पर 12 नवंबर को 78% मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे।

यह 10 मंत्री मैदान में : भूपेश बघेल सरकार के 10 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें भूपेश बघेल (पाटन), टीएस सिंहदेव (अंबिकापुर), रविंद्र चौबे (साजा), अमरजीत भगत (सीतापुर), अनिला भेंडिया (डौंडी लोहारा), शिव डहरिया (आरंग), जयसिंह अग्रवाल (कोरबा), ताम्रध्वज साहू (दुर्ग ग्रामीण), गुरु रुद्र कुमार (नवागढ़), उमेश पटेल (खरसिया) और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत (सक्ती) शामिल हैं।

भाजपा से नेता प्रतिपक्ष सहित 10 विधायक: भाजपा से इस चरण में 4 सांसद डॉ. अरुण साव (लोरमी), गोमती साय (पत्थलगांव), विजय बघेल (पाटन) और रेणुका सिंह (सोनहत), 10 विधायकों में नारायण चंदेल (जांजगीर-चांपा), अजय चंद्राकर (कुरुद), बृजमोहन अग्रवाल (रायपुर दक्षिण), शिवरतन शर्मा (भाटापारा), कृष्णमूर्ति बांधी (मस्तूरी), सौरभ सिंह (अकलतरा), रंजना दीपेंद्र साहू (धमतरी), ननकी राम कंवर (रामपुर), पुन्नूलाल मोहले (मुंगेली), धरमलाल कौशिक (बिल्हा) शामिल हैं।

2018 में सबसे कम रायपुर उत्तर, सबसे ज्यादा कुरुद में वोटिंग

70 सीटों पर कुल एक करोड़ 63 लाख 14 हजार 479 पात्र मतदाता हैं, जो कि 19,000 हजार से अधिक बूथों में मतदान करेंगे। इनमें 81 लाख 41 हजार 624 पुरुष मतदाता और 81 लाख 72 हजार 171 महिला मतदाता और 684 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। 2018 की बात करें, तो छत्तीसगढ़ में सबसे कम वोटिंग रायपुर उत्तर में 60.35 प्रतिशत रहा और कुरुद में 88.89 प्रतिशत सबसे ज्यादा वोटिंग हुई थी।

यह भी पढ़ें : MLA विकास का ‘राजेश मूणत’ के अवैध शराब गोदाम पर छापा! बना डाले LIVE VIDEO