स्मृति ईरानी बोलीं, कांग्रेसी जनता के हितैषी बनने का स्वांग कर रहे!

By : hashtagu, Last Updated : November 14, 2023 | 11:16 pm

  • 0 जैजैपुर की जनसभा में उमड़ी भारी भीड़

  • 0 केंद्रीय मंत्री बनने के बाद भी हम जिलाध्यक्ष का साथ नहीं छोड़ते

  • जैजैपुर। केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने जैजैपुर की जनसभा में कहा कि जब देश कोरोना काल से जूझ रहा था और केंद्र की मोदी सरकार ने हिन्दुस्तान में वैक्सीन बनाने का निर्णय लिया। तब कांग्रेस (Congress) के नेता और उसके गठबंधन के नेता इसका विरोध कर रहे थे। विदेश से वैक्सीन मंगवाने की बात कहते थे। यही नहीं देश के लोगों के मोदी का वैक्सीन न लगवाने कह रहे थे। कांग्रेस के एक भी नेता या कार्यकर्ता ने कोरोना से जूझ रहे लोगों की मदद नहीं की। मोदी जी ने विदेशों में फंसे अपने लोगों को वहां से वापस भारत लाने का इंतजाम किया था। अब चुनाव के समय कांग्रेसी जनता के हितैषी बनने का स्वांग कर रहे है। इस बार प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने जैजैपुर की जनता 17 नवंबर को कमल का बटन दबा कर भाजपा की सरकार बनाने अपना योगदान देगी।

    भाजपा प्रत्याशी कृष्णकांत चंद्रा के कोराना काल के समय बातचीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कृष्णकांत जी ने कोरोना काल का राज खोल ही दिया। कोरोना काल में कृष्णकांत जो कि भाजपा के जिलाध्यक्ष भी है, से रोज ही बात होती थी। उनसे मैं हर दिन कोरोना की दवा, वैक्सीन की उपलब्धता और हॉस्पिटल की सुविधाओं के बारे में लगातार पूछा करती थीं। वे बताया करते थे कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता तन मन धन से जनता की सेवा में लगा था। भाजपा कार्यकर्ता अगर केंद्र में मंत्री भी बन जाए तो वह अपने जिलाध्यक्ष का हाथ कभी नहीं छोड़ता। ये भारतीय जनता पार्टी के संस्कार है।

    • केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कोरोना काल में केंद्र की भाजपा सरकार ने हर व्यक्ति को वैक्सीन लगाने के साथ ही मुफ्त में घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घर की अन्नपूर्णां माता -बहनों की चिंता की। उनका भाई बन कर रोटी दिलाई। आज भाई को संरक्षण देने का समय आया हैं। मुझे विश्वास है कि जैजैपुर की माता – बहने अपने भाई को वोट देकर उनका संरक्षण करेंगी।

    इससे पूर्व सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी कृष्णकांत चंद्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भाजपा के जिलाध्यक्ष के रूप में मैंने जैजैपुर की जनता की सेवा की है। अब मुझे विधायक बनाइए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि विधायक बनने के बाद जैजैपुर में 100 बिस्तरों वाला अस्पताल बनवाउंगा और एसडीएम ऑफिस को फिर से यहां वापस लेकर आउंगा। जन सभा में सांसद गुहाराम अजगल्ले, श्री गिरधर, श्री गगन, गोपी सिंह आदि उपस्थित थे।

    यह भी पढ़ें : प्रियंका गांधी का रोड शो में ‘जगह-जगह’ भव्य स्वागत! भूपेश के साथ कीं गाेवर्धन पूजा