सूरजपुर कांग्रेस में घमासान: 17 पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा, टीएस सिंहदेव-बघेल खेमे की खींचतान तेज

सूत्रों के अनुसार इस्तीफा देने वाले अधिकांश पदाधिकारी पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थक माने जा रहे हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - February 14, 2026 / 09:36 PM IST

सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन (Congress) के भीतर गुटबाजी (Factional Tussle) खुलकर सामने आ गई है। सूरजपुर जिले में 17 पदाधिकारियों ने एक साथ सामूहिक इस्तीफा (Resignation) दे दिया है, जिससे पार्टी में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस्तीफे की खबर सामने आते ही जिला और प्रदेश स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गईं।

सूत्रों के अनुसार इस्तीफा देने वाले अधिकांश पदाधिकारी पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के समर्थक माने जा रहे हैं। हाल ही में संगठनात्मक नियुक्तियों और जिला अध्यक्ष पद को लेकर असंतोष बढ़ा था। बताया जा रहा है कि नियुक्तियों में संतुलन नहीं रखने और एक पक्ष को प्राथमिकता देने के आरोप लगाए गए, जिसके बाद 17 पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने पद छोड़ दिए।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह पूरा घटनाक्रम भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव समर्थक खेमों के बीच चल रही खींचतान का नतीजा है। हालांकि, जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी चुनावों से पहले संगठन में इस तरह की टूट पार्टी की रणनीति और एकजुटता पर असर डाल सकती है। फिलहाल कांग्रेस नेतृत्व के सामने नाराज नेताओं को मनाने और संगठनात्मक संतुलन कायम रखने की बड़ी चुनौती है।