छिड़ी जुबानी जंग : पूर्व मंत्री भगत बोले, BJP को आदिवासी नेता से चिढ़ है तो मुझे गोली मरवा दे! इधर बीजेपी ने कहा, गरीबों का पैसा क्यों लूटा

By : hashtagu, Last Updated : February 5, 2024 | 9:02 pm

  • भाजपा को आदिवासी नेता से चिढ़ है तो मुझे गोली मरवा दे – भगत
  • रायपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत (Former minister Amarjeet Bhagat) राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुये कहा कि भाजपा अपनी केंद्र सरकार के माध्यम से केंद्रीय एजेंसियों पर दबाव डालकर विपक्षी दलों के नेताओं को परेशान कर रही है। उनको राजनैतिक रूप से परेशान करने, बदनाम करने का षड़यंत्र रचा जाता है। इधर BJP ने भी इस बयान का पलटवार किया।

    वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की प्रेस वार्ता के मुख्य बिन्दु

    1. ऽ छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस की सरकार के पांच सालों के दौरान लगातार ईडी और आईटी कार्यवाहियां की गयी। तत्कालीन कांग्रेस की सरकार को बदनाम करने फर्जी कार्यवाहियां केंद्र सरकार ने करवाया।
    2. ऽ लोकसभा चुनावों को देखते हुये छत्तीसगढ़ सहित देश के अनेकों राज्यों में विपक्षी दलों के नेताओं को परेशान किया जा रहा। इसी कड़ी में मेरे घर पर भी आईटी की छापेमारी करवाया गया।
    3. ऽ झारखंड में वहां के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर इतना दबाव डाला गया कि उन्हें इस्तीफा देना पड़ा, उनको जेल में डाल दिया गया।
    4. ऽ जिस दिन हेमंत सोरेन से इस्तीफा लिया जा रहा था उसी दिन मेरे घर में छापा मरवाया गया, यह दोनों कार्यवाहियां संयोग मात्र नहीं थी, यह साजिश है। आदिवासी नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश है। यह संदेश देने की कोशिश है कि पूरे देश में गैर भाजपाई दलों के नेता ही गड़बड़ी कर रहे है जबकि हकीकत में ऐसा नहीं है। गैर भाजपाई नेताओं के खिलाफ साजिश कर फंसाया जा रहा है। भाजपा नहीं चाहती कि वंचित वर्ग के लोग नेतृत्व करें।
    5. ऽ मेरे घर आईटी कार्यवाही के दौरान मुझे, मेरे परिजनों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। हमें रोजमर्रा के दैनिक कार्य नहीं करने दिया गया। हमारे घर से कुछ भी अघोषित नहीं मिला, जो मिला वह हमारे बुक्स में है हमने पहले ही घोषित कर रखा था।
    6. ऽ जन सहयोग से निर्मित की मंदिर का हिसाब मेरे से पूछा जा रहा है। भाजपा को अब मंदिर निर्माण का भी हिसाब चाहिए।
    7. ऽ मुझे एवं मेरे परिजन को डराया धमकाया जा रहा है। आईटी के अधिकारी चार दिनों तक परेशान किये ऐसा लगता है।
    8. ऽ मैं आदिवासी मुख्यमंत्री बनाने की मांग किया था। आदिवासी मुख्यमंत्री बनाने के बाद भाजपा आदिवासी मुख्यमंत्री की मांग करने वाले को प्रताड़ित कर रही है।
    9. ऽ मैंने कोई गलत किया है तो कड़ी कार्यवाही करो लेकिन भाजपा सिर्फ चरित्र हनन करने झूठे आरोप लगा रहे।

    अमरजीत भगत के बयान पर बोले भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर

    • विक्टिम कार्ड खेलने की बजाय अमरजीत भगत बताएं कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के गरीबों का पैसा क्यों लूटा
    • जिन्हे जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार किया उन्हे जमानत के लाले है अमरजीत भगत उनके समर्थक है या विरोधी:देवलाल ठाकुर
    • जब जब भ्रष्टाचार पर बात हुई है कांग्रेस सहम जाती है इतना डरते क्यों है: देवलाल ठाकुर

    भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने भ्रष्टाचार के मामलों में जाँच कार्रवाई का सामना कर रहे पूर्ववर्ती कांग्रेसी सरकार में खाद्य मंत्री रहे अमरजीत भगत पर केंद्रीय जाँच से बौखलाकर पाखंडपूर्ण विक्टिम कार्ड खेलने के लिए तीखा हमला बोला है। श्री ठाकुर ने कहा कि गरीबों के हक के 500 करोड़ रुपए का चावल डकार जाने के बाद अब जाँच कार्रवाई को लेकर प्रलाप कर रहे हैं।

    • भाजपा प्रदेश प्रवक्ता  ठाकुर ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकार ने छत्तीसगढ़ की जनता को इस बात की गारंटी दी है कि पाँच सालों के शासनकाल में भूपेश सरकार ने जो हजारों करोड़ रुपए के घपले-घोटाले करके कांग्रेस नेताओं की तिजोरियों को भरने और छत्तीसगढ़ की जनता की पसीने की गाढ़ी कमाई लूटकर छत्तीसगढ़ को 10, जनपथ का एटीएम बनाने का धत्कर्म किया है, उसकी सख्ती से जाँच होगी ।

    भाजपा को प्रदेश की जनता ने इसी के लिए ऐतिसहासिक जनादेश देकर सत्ता सौंपी है। इसलिए पूर्व मंत्री भगत अब विक्टिम कार्ड खेलने से बाज आएँ। श्री ठाकुर ने सवाल किया कि अगर भगत निर्दोष हैं तो वह जाँच के नाम पर बौखलाकर प्रलाप क्यों कर रहे हैं? क्या भगत यह चाहते हैं जिनके घरों से जो बेहिसाब नगद राशि बरामद हुई है, उसकी जाँच नहीं कराई जानी चाहिए? जिनके घरों से बेहिसाब सोना-चांदी और गहने बरामद हुए हैं, उनका पूरा हिसाब प्रदेश की जनता के सामने नहीं लाया जाना चाहिए? जिनकी भ्रष्टाचार के तमाम मामलों में गिरफ्तारी हुई है, आखिर उन्हें सारी मशक्कत करने के बाद भी कोर्ट से जमानत तक के लाले पड़े हुए हैं।

    भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की भूपेश सरकार के राज में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार करके सरकारी खजाने में डाका डाला गया और विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं रखने वाली भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ पर हजारों करोड़ रुपयों का कर्ज लाद दिया गया। इससे अधिक शर्मनाक और क्या हो सकता है कि जब-जब भाजपा ने एक सजग विपक्ष की भूमिका का निर्वहन करते हुए भ्रष्टाचार पर सवाल उठाए तो तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बजाय घपलों-घोटालों पर अंकुश लगाने के, भ्रष्टाचार के आरोपियों के सबसे बड़े पैरोकार बन रहे थे। इससे अधिक निर्लज्ज राजनीतिक आचरण देश के इतिहास में कदाचित ही देखने-सुनने को मिले। श्री ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अपनी तयशुदा पराजय को भाँपकर कांग्रेसियों की नींद उड़ी हुई है और इसीलिए एक बार फिर जांच एजेंसियों को निशाना बनाकर कांग्रेसी भ्रष्टाचार के संरक्षण का काम कर है।

    यह भी पढ़ें : Political story : बूथ से शुरू होगी BJP की ‘लोकसभा’ की चुनावी जंग! किरणदेव का शंखनाद