रायपुर: देश में शनिवार को मानसून (monsoon) ने औपचारिक दस्तक दे दी है और अब इसकी रफ्तार तेजी से मध्य भारत की ओर बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ में मानसून के 5 जून से पहले पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेशभर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
रायपुर में रविवार सुबह घने बादलों के बीच हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। वहीं बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा समेत 11 जिलों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
राज्य में मानसून की समय से पहले संभावित आमद से किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं बिजली गिरने की चेतावनी को देखते हुए लोगों को खुले में ना रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।