सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान का बदला नाम, अब ‘मातृभूमि’ के नाम से होगी रिलीज

By : hashtagu, Last Updated : March 16, 2026 | 2:54 pm

मुंबई:  बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) की आगामी युद्ध आधारित फिल्म बैटल ऑफ गलवान का नाम बदल दिया गया है। अब यह फिल्म मातृभूमि के नाम से रिलीज होगी। फिल्म के निर्माताओं ने नया पोस्टर जारी करते हुए इसके नए टाइटल की आधिकारिक घोषणा की है।

फिल्म का नया पूरा टाइटल मातृभूमि मे वॉर रेस्ट इन पीस बताया जा रहा है। जारी पोस्टर में सलमान खान एक घायल सैनिक के रूप में नजर आ रहे हैं, जिससे फिल्म की कहानी के भावनात्मक और देशभक्ति से जुड़े पहलुओं की झलक मिलती है।

बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी वर्ष 2020 में भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई झड़प से प्रेरित है। हालांकि फिल्म निर्माताओं का कहना है कि यह पूरी तरह वास्तविक घटनाओं का सीधा चित्रण नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से युद्ध और सैनिकों के जीवन से जुड़े मानवीय पहलुओं को दिखाने की कोशिश की गई है।

फिल्म का निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं। इसमें सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का नाम पहले बैटल ऑफ गलवान रखा गया था, लेकिन इसे लेकर विवाद और संवेदनशीलता को देखते हुए निर्माताओं ने इसका नाम बदलकर मातृभूमि कर दिया। नए पोस्टर में मे वॉर रेस्ट इन पीस टैगलाइन भी दी गई है।

यह फिल्म भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान की कहानी को बड़े स्तर पर पेश करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसे स्वतंत्रता दिवस के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है।