धर्मेंद्र का 89 साल में निधन, मुंबई में अंतिम संस्कार; बॉलीवुड सितारों की भावुक विदाई
By : dineshakula, Last Updated : November 24, 2025 | 10:02 pm
मुंबई: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र (Dharmendra) का सोमवार दोपहर 89 साल की उम्र में मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हो गया। कुछ समय से वे उम्र संबंधी बीमारियों का सामना कर रहे थे। 10 नवंबर को सांस लेने में दिक्कत के बाद उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। 12 नवंबर को डॉक्टरों ने उन्हें घर पर आगे इलाज की सलाह देते हुए डिस्चार्ज कर दिया था।
सोमवार दोपहर करीब 1 बजे उनके घर पर एम्बुलेंस पहुंची। घर के बाहर बैरिकेडिंग और सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। 1 बजकर 10 मिनट पर IANS ने उनके निधन की पुष्टि की। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस से विले पार्ले श्मशान भूमि ले जाया गया, जहां सुरक्षा भी बढ़ाई गई थी।
दोपहर करीब 3 बजे विले पार्ले श्मशान घाट पर धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार किया गया। उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल मौजूद रहीं। श्मशान घाट पर अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान, संजय दत्त सहित कई बॉलीवुड सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
धर्मेंद्र के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन को एक युग का अंत बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
धर्मेंद्र के घर पर श्रद्धांजलि देने वालों में अतुल अग्निहोत्री और अलवीरा अग्निहोत्री भी पहुंचे। निर्देशक अनिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए लिखा— हम आपसे प्यार करते हैं, आपको बहुत मिस करेंगे धरम जी।
अभिनेत्री प्रीति जिंटा और रेखा भी उनके घर पहुंचीं। छोटे बेटे बॉबी देओल पिता के निधन से बेहद दुखी नजर आए।




