ट्विशा शर्मा केस में कांस्टेबल की सूझबूझ बनी सबसे बड़ा सबूत, 34 मिनट के वीडियो ने खोले कई राज

ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत के मामले में शुरुआत से ही स्थानीय पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सवाल उठते रहे हैं।

  • Written By:
  • Publish Date - May 31, 2026 / 09:41 PM IST

भोपाल (मध्य प्रदेश): ट्विशा शर्मा (TWisha Sharma) मौत मामले की जांच में एक कांस्टेबल की सूझबूझ अब सीबीआई के लिए सबसे मजबूत सबूत बनकर सामने आई है। भोपाल के कटारा हिल्स थाने में तैनात कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह पटेल द्वारा घटना वाली रात बनाया गया 34 मिनट का वीडियो अब जांच एजेंसी के लिए बेहद अहम डिजिटल साक्ष्य माना जा रहा है। इसी वीडियो की मदद से सीबीआई को घटनास्थल की वास्तविक स्थिति समझने और कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि करने में मदद मिली है।

ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत के मामले में शुरुआत से ही स्थानीय पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सवाल उठते रहे हैं। सीबीआई ने जब केस अपने हाथ में लिया और शुरुआती जांच दस्तावेजों तथा केस डायरी का अध्ययन किया तो कई खामियां सामने आईं। हालांकि इन सबके बीच कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह पटेल की सतर्कता और पेशेवर कार्यशैली ने जांच को एक मजबूत आधार दे दिया।

जानकारी के अनुसार 12 मई को ट्विशा शर्मा की मौत के बाद आरोपी गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह कथित रूप से शव को घर में छोड़कर चले गए थे। इसके बाद एम्स भोपाल (AIIMS Bhopal) की ओर से कटारा हिल्स थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर रात करीब दो बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जैसे ही बंद मकान का ताला खोला गया, कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह पटेल ने अपने मोबाइल फोन से पूरे घर की वीडियोग्राफी (Videography) शुरू कर दी। उन्होंने घटनास्थल की हर छोटी-बड़ी चीज को कैमरे में रिकॉर्ड किया।

वीडियो में कमरे के भीतर बिखरा सामान, घटनास्थल पर मौजूद बेल्ट, घर की स्थिति और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी कई अहम चीजें रिकॉर्ड हुईं। इतना ही नहीं, पुलिस द्वारा क्राइम सीन (Crime Scene) को सील करने की पूरी प्रक्रिया भी वीडियो में कैद की गई। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह फुटेज घटना के तुरंत बाद की वास्तविक स्थिति को दर्शाता है, जिससे सबूतों और गवाहों के बयानों का मिलान करने में आसानी हुई।

कुल 34 मिनट के इस वीडियो को आधिकारिक रूप से सीबीआई को सौंप दिया गया है। जांच एजेंसी ने इसे अपने सबसे महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्यों में शामिल किया है। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई अधिकारियों ने भी कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह पटेल की कार्यशैली और सतर्कता की सराहना की है। अधिकारियों का मानना है कि जहां शुरुआती जांच में कई कमियां थीं, वहीं इस वीडियो ने केस को बिखरने से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ट्विशा शर्मा मौत मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस केस में पहले ही सबूतों से छेड़छाड़, दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत जैसे गंभीर आरोप सामने आ चुके हैं। मामले की जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है और कई पहलुओं पर गहन पड़ताल जारी है।